हत्या से फिर दहला भागलपुर, आदमपुर थाना क्षेत्र में मुंगेर निवासी अधेड़ को गोली मारी
भागलपुर में एक बार फिर मुंगेर के व्यक्ति की हत्या कर दी गई। इसकी प्राथमिकी दर्ज की गई है। हत्याकांड में निरंजन कुमार और उसके भाई रमेश कुमार को नामजद बनाया गया है।
भागलपुर, जेएनएन। आदमपुर (जोगसर) थाना क्षेत्र के मोक्षदा स्कूल के समीप निर्माणाधीन अपार्टमेंट में मुंगेर निवासी अधेड़ विनोद यादव की रविवार को हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी पर बरारी से विनोद की पत्नी, बच्ची समेत परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। कुछ देर के लिए हृदय विदारक स्थिति हो गई। पत्नी, बेटियां, रिश्तेदार सब दहाड़ मार कर रो रहे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मृतक के स्वजनों को शांत कराया और शव का पंचनामा करा पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृत विनोद के साढू के लड़के त्रिशाल के फर्द बयान पर अपार्टमेंट मालिक निरंजन कुमार और उनके भाई रमेश कुमार को हत्याकांड में नामजद किया गया है। आदमपुर थानाध्यक्ष ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या शव के मुआयना से हत्या जैसी बात सामने नहीं आ रही है। शरीर पर किसी प्रकार का जख्म या खरोंच नहीं दिख रहा है। गले पर किसी तरह के दाग भी नहीं मिले हैं। शव निर्माणाधीन अपार्टमेंट के निचले तल के पास बरामद किया गया है। सही तस्वीर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर होगा। केस दर्ज कराने वाले त्रिशाल कुमार का कहना है कि दोनों आरोपितों ने हत्या की है। दोनों आरोपितों को पुलिस हिरासत में ले लिये जाने की चर्चा है। हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि नहीं की है।
विनोद दो सालों से बरारी छोड़ अपार्टमेंट में ही रहते थे
भवन निर्माण में सेंटरिंग के सामानों की आपूर्ति करने वाले विनोद यादव बरारी शमशान घाट रोड स्थित अपने ससुराल में ही रहते थे। सरल स्वभाव के विनोद असहज पारिवारिक रिश्ते को देखते हुए दो सालों से अपार्टमेंट के निचले तल में ही रहते थे। बरारी से बेटी उनके लिए भोजन ले जाती थी। बच्चों से उन्हें बहुत स्नेह था। घटना की जानकारी पर बरारी निवासी ससुर रिटायर्ड रेलकर्मी महेंद्र यादव और परिवार के सदस्य दहाड़ मारकर रोने लगे। घर के बड़े दामाद थे विनोद। मोहल्ले से काफी संख्या में लोग महेंद्र यादव के घर जमा हो गए।