मौर्य एक्सप्रेस भागलपुर-मुंगेर होकर चलेगी; वंदे भारत और महानंदा का भी रूट बदला, सिमरिया में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य
Maurya Express Route Diverted: दानापुर और सोनपुर रेल मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण मौर्य एक्सप्रेस का मार्ग बदला गया ...और पढ़ें

Maurya Express Route Diverted: सिमरिया-हथिदह रेलखंड पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य।
HighLights
मौर्य एक्सप्रेस का मार्ग भागलपुर-मुंगेर होकर परिवर्तित।
वंदे भारत और महानंदा एक्सप्रेस के रूट भी बदले।
रेलवे के नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण बदलाव।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Maurya Express Route Diverted: पूर्व मध्य रेल के दानापुर और सोनपुर रेल मंडल अंतर्गत राजेंद्र पुल स्टेशन पर दोहरी लाइन सुविधा को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने तथा दिनकर ग्राम सिमरिया व बरौनी स्टेशनों के बीच मुख्य लाइन कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर प्री नॉन-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य किया जा रहा है।
यह तकनीकी कार्य दानापुर मंडल के राजेंद्र पुल, हथिदह जंक्शन अपर, टाल, रामपुर डुमरा स्टेशनों और सोनपुर मंडल के दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशन पर संचालित हो रहा है। इसके चलते रेलवे प्रशासन ने प्रमुख ट्रेनों के परिचालन मार्ग में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। इस क्रम में मौर्य एक्सप्रेस को भागलपुर-मुंगेर के रास्ते चलाने का निर्णय लिया गया है, जबकि वंदे भारत और महानंदा एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख गाड़ियों के रूट भी डायवर्ट किए गए हैं।
मौर्य एक्सप्रेस अब किऊल के बदले दुमका-भागलपुर होकर चलेगी
रेल प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 15027 मौर्य एक्सप्रेस आगामी 25, 26, 27, 28, 29, 30 सितंबर तथा 1 व 2 अक्टूबर को अपने नियमित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग जसीडीह-देवघर-दुमका-भागलपुर-मुंगेर-बरौनी होकर चलेगी।
इसी प्रकार वापसी में ट्रेन संख्या 15028 मौर्य एक्सप्रेस 26, 27, 28, 29, 30 सितंबर तथा 2, 3 व 4 अक्टूबर को बरौनी-मुंगेर-भागलपुर-दुमका-देवघर-जसीडीह के रास्ते संचालित होगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में इस ट्रेन के लिए जसीडीह-किऊल-मुंगेर-बरौनी मार्ग प्रस्तावित किया गया था, जिसे संशोधित कर अब देवघर-दुमका-भागलपुर रूट पर स्थानांतरित कर दिया गया है।
परिवर्तित ट्रेनों की सूची व नया रूट
15027 संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस: 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जसीडीह-देवघर-दुमका-भागलपुर-मुंगेर-बरौनी होकर चलेगी।
15028 गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस: 26 सितंबर से 4 अक्टूबर तक (1 अक्टूबर छोड़) बरौनी-मुंगेर-भागलपुर-दुमका-देवघर-जसीडीह होकर चलेगी।
महानंदा एक्सप्रेस (सिक्किम-दिल्ली): 24 सितंबर से 4 अक्टूबर तक परिवर्तित मार्ग हाजीपुर-सोनपुर होकर चलेगी।
वंदे भारत एक्सप्रेस (पटना रूट): 23 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बरौनी से हाजीपुर-सोनपुर होते हुए पटना पहुंचेगी।
इंटरसिटी एक्सप्रेस: 22 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बरौनी जंक्शन पर ही समाप्त (Short Terminate) होगी।
नवगछिया रूट: वंदे भारत और महानंदा का मार्ग डायवर्ट
सिमरिया-हथिदह राजेंद्र पुल पर रेलवे के इंटरलॉकिंग कार्य का सीधा असर नवगछिया होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा है। सिक्किम से चलकर दिल्ली जाने वाली डाउन व अप महानंदा एक्सप्रेस 24 सितंबर से 4 अक्टूबर तक अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर हाजीपुर-सोनपुर होकर चलाई जाएगी।
इंटरसिटी बरौनी तक ही
इसके साथ ही प्रीमियम न्यू जलपाईगुड़ी-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस 23 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बरौनी जंक्शन होकर हाजीपुर-सोनपुर के रास्ते पटना पहुंचेगी। वहीं, यात्रियों की दैनिक आवाजाही से जुड़ी महत्वपूर्ण इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन 22 सितंबर से 4 अक्टूबर तक सीमित करते हुए केवल बरौनी जंक्शन तक ही करने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) अथवा 139 पर ट्रेनों के संशोधित रूट व समय-सारणी की पुष्टि अवश्य कर लें।
यह भी पढ़ें- गया जी पिंडदान के लिए चलेगी कोसी एक्सप्रेस; मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, पूर्णिया, बेगूसराय और पटना होते हुए पहुंचेगी
