बारात में जमकर किया पिस्टल डांस, फिर दूल्हे के भांजे को मार दी गोली ...मौत से पसरा मातम
बारात में डांस करते युवक का मूड चढ़ा तो उसने गोली चला दी। गोली दूल्हें के भांजे को जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। क्या है घटना, जानने के लिए पढ़ें यह खबर।
पटना [जेएनएन]। शादी समारोह में बारात में शामिल एक युवक ने गैर लाइसेंसी हथियार के साथ पिस्टल डांस किया। मूड चढ़ा तो हर्ष फायरिंग कर दी। गोली सीधे दूल्हे के भांजे के सिर को बेधती निकल गई। उसकी दर्दनाक मौत के बाद खुशी का माहौल मातम में बदल गया। घटना भागलपुर के हबीबपुर स्थित शाहगंजी मैदान के पास देर रात हुई।
जानकारी के अनुसार भागलपुर के हबीबपुर में एक बारात जा रही थी। रास्ते में डीजे की धुन पर लोग डांस कर रहे थे। इसी दौरान आपराधिक प्रकृति का एक युवक मो. मेहवाल कमर से पिस्टल निकाल उसके साथ डांस करने लगा। देखते-देखते उसने हर्ष फायरिंग कर दी। गोली सीधे दूल्हा के भांजे को जा लगी।
बुरी तरह घायल दूल्हा के भांजे को स्थानीय जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मातमी माहौल में निकाह तो संपन्न हुआ, लेकिन बिना वलीमा के आरात लौट गई।
इस बीच फायरिंग का आरोपित मो: मेहवाल फरार हो गया। पुलिस ने देर रात उसके घर पर छोपमारी की, लेकिन वह नहीं मिला। उसकी तलाश जारी है।