Top Bhagalpur News of the day, 25th September 2019, नगर निगम में अविश्वास प्रस्ताव, विधानसभा उपचुनाव, जीतन राम मांझी
Top Bhagalpur News of 25th September 2019। भागलपुर की टॉप Top Three खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
भागलपुर [जेएनएन]। 25th September 2019 को जिले की कुछ महत्वपूर्ण खबरें।
नगर निगम में अविश्वास प्रस्ताव
नगर निगम सभागार में बुधवार को मेयर सीमा साहा और डिप्टी मेयर राजेश वर्मा ने 23 पार्षदों के समर्थन से अविश्वास प्रस्ताव को गिराने में कामयाब रहे। कुर्सी बचाने को लेकर 10 दिनों से चला आ रहा हाई वोल्टेज ड्रामा पर विराम लग गया। काफी उथल-पुथल के बीच दोनों की कुर्सी बच गई। बैठक में 30 पार्षदों ने उपस्थिति दर्ज कराई। जिसमें सात पार्षद चर्चा से वॉक आउट कर बाहर निकल गए। बैठक की अध्यक्षता के लिए सर्वसम्मति से वार्ड 32 के पार्षद प्रसन्नजीत उर्फ हसंल सिंह को अध्यक्ष चुना गया। उनकी अध्यक्षता में अविश्वास प्रस्ताव के चार बिंदु पर चर्चा शुरू हुई। सात पार्षद प्रीति शेखर, नीतू देवी, गुलाम सरवर ने विशेष चर्चा में अपने विचार रखे। अधिकांश पार्षदों ने मेयर और डिप्टी मेयर के पक्ष में हाथ खड़े कर वोटिंग किया। इसके बाद अध्यक्ष ने अविश्वास प्रस्ताव गिराने की घोषणा की। सदन में एडीएम विभागीय जांच मनोज कुमार पर्यवेक्षक की भूमिका में थे। मौके पर नगर आयुक्त जे. प्रियदर्शिनी, उपनगर आयुक्त सत्येंद्र वर्मा और प्रफुल्ल चंद्र यादव मौजूद रहे।
विधानसभा उपचुनाव
जदयू ने भागलपुर जिले के नाथनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए लक्ष्मीकांत मंडल को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। बुधवार को इनके नाम पर पार्टी ने सहमति दे दी है। जल्द ही यह यहां से नामांकन करेंगे। वहीं, बांका जिले के बेलहर विधानसभा से सांसद गिरिधारी यादव के भाई लालधारी यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। बेलहर सीट जदयू के गिरिधारी यादव के बांका से सांसद बनने के बाद खाली हुआ था। जबकि नाथनगर सीट जदयू के अजय मंडल के भागलपुर से सांसद बनने के बाद खाली हुआ था। इसके अलावा राजद ने नाथनगर से राबिया खातून को और बेलहर से पूर्व विधायक रामदेव यादव को टिकट दिया है। वहीं, नाथनगर से पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रत्याशी के रूप में अजय राय को घोषित किया।
जीतन राम मांझी
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा सेकुलर (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में राजद पर जमकर हमला बोला। मांझी ने कहा कि महागठबंधन में पांच पार्टियां है। राजद ने बिना किसी के सहमति से नाथनगर विधानसभा में होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया। महागठबंधन में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। पांच विधानसभा में होने वाले उप चुनाव में हम ने सिर्फ नाथनगर सीट मांगी थी। इस पर सहमति मिली थी। इसके बाद ही यहां से अजय राय को हम का प्रत्याशी घोषित किया गया। मंगलवार को अचानक राजद ने भी प्रत्याशी की घोषणा कर दिया। उन्होंने साफ संकेत दिया कि अजय राय हम के उम्मीदवार होंगे।