Top Bhagalpur News of the day, 12th November 2019, महिला की हत्या, तिमांविवि छात्र संघ चुनाव, पैक्स चुनाव
Top Bhagalpur News of 12th November 2019। भागलपुर की टॉप Top Three खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
Top Bhagalpur News of 12th November 2019। भागलपुर की टॉप Top Three खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
भागलपुर में महिला की हत्या
हबीबपुर इलाके के लाजपत नगर दाऊदबाट के समीप बदमाशों ने देर रात अनिल मंडल की पत्नी जुली देवी (30 वर्ष) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। जबकि पति को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। दोनों को गंभीर हालत में जवाहर लाल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां महिला की मौत हो गयी। पति की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। मामले की जानकारी होने पर हबीबपुर पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी एसपी सुशांत कुमार सरोज और सिटी डीएसपी रत्नकिशोर झा भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या करने वालों की पहचान हो गयी है।
तिमांविवि छात्र संघ चुनाव
पीजी और लॉ में दाखिला पूर्ण न होने से तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव फिलहाल टल गया है। इसकी जानकारी मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ.योगेंद्र ने दी। हालांकि, नए तिथि की घोषणा अब तक नहीं हो पाई है। छात्रसंघ का चुनाव 21 नवंबर को कॉलेज स्तर पर और 28 को विश्वविद्यालय में होना था। 13 नवंबर से इसकी प्रक्रिया शुरू होनी थी। वहीं, अयोध्या प्रकरण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस मुद्दे पर भी चुनाव टल सकता था। हालांकि, मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव की घोषणा होने पर विभिन्न छात्र संगठनों ने चुनाव की तिथि को दाखिला पूर्ण होने तक स्थगित करने की मांग की थी। इसको ध्यान में रख कर यह फैसला लिया गया है। पीजी में दाखिले की प्रक्रिया 21 सितंबर से शुरू की गई थी। जबकि, वर्तमान में विज्ञान और वाणिज्य में ही नामांकन हो पाया है।
पैक्स चुनाव भागलपुर
वर्ष 2012-13 और 2014-15 में गेहूं और धान अधिप्राप्ति की सरकारी राशि वापस नहीं करने वाले पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधक, सदस्यों को पैक्स चुनाव से बाहर रखा जाएगा। इस आशय का निर्णय जिला सहकारिता पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया है। जिला सहकारिता पदाधिकारी जैनुल आब्दीन अंसारी ने बताया कि भागलपुर में ऐसे 26 डिफाल्टर हैं जिन्होंने उपरोक्त वर्ष की गेहूं-धान की सरकारी राशि को वापस नहीं किया है। इसमें नवगछिया क्षेत्र के पैक्स अध्यक्षों की संख्या अधिक है। उन्हें 13 नवंबर 2019 तक बकाए राशि को वापस करने का अंतिम मौका दिया गया है।