यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
महापर्व छठ पूजा: मिथिला में निराली होती है छठ की छटा, प्रचलित हैं कई कथाएं, एक Click में पढ़ें
महापर्व छठ पूजा को कई नामों से जाना जाता है। मिथिला में छठ की छटा निराली है। महापर्व की कई ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, सुपौल : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा 2021 को लेकर वातावरण छठमय है। चारों ओर पूजा की धूम व छठ के गीतों का शोर है। नहाय-खाय और खरना से निवृत्त हो व्रतियां बुधवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पण करने की तैयारी में है। गुरुवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। अलौकिक महिमा के कारण छठ की छटा मिथिला में निराली होती है। कई तरह की कथाएं प्रचलित हैं, कई तरह के विधान चलन में हैं लेकिन आस्था लोगों की एक सी है।
अनेक नामों से पुकारा जाता है यह पर्व
यह पर्व मुख्य रूप से सूर्य का पर्व है, जो अनेक नामों से पुकारा जाता है। कहीं इसे डाला छठ, तो कहीं प्रतिहार व्रत, कहीं-कहीं सूर्य षष्ठी व्रत आदि भी कहा जाता है। पं. थानेश्वर झा बताते हैं कि प्रकृति देवी के एक प्रधान अंश को देव सेना कहते हैं। जो सबसे श्रेष्ठ मातृका मानी जाती हैं। प्रकृति का छठा अंश होने के कारण देवी का एक नाम षष्ठी भी है। ब्रह्म वैवर्त पुराण में चर्चा है कि षष्ठांशा प्रकृतैर्या च सा च षष्ठी प्रकृर्तिता।
पुराणों में भगवती षष्ठी को शिशुओं की अधिष्ठात्री देवी के रूप में निरूपित किया गया है। इनका काम बालकों को दीर्घायु बनाना, उनका रक्षण व भरण-पोषण करना देवी षष्ठी का गुण है। पुराणों में इन्हीं देवी का एक नाम कात्यायिनी भी मिलता है। जिनकी पूजा नवरात्र में षष्ठी तिथि को होती है।
षष्टम कात्यायनीति च। मैथिल वर्षकृत पद्धति में सूर्य षष्ठी की चर्चा प्रतिहार षष्ठी के नाम से की गई है। वस्तुत: प्रतिहार का अर्थ होता है जादू या चमत्कार अर्थात चमत्कारिक रूप से अभीष्टों को प्रदान करने वाला। व्रत के संबंध में एक कथा यह भी है जिसे नैमिशारण्य में शौनकादि मुनियों के पूछने पर श्रीसूतजी लोककल्याणार्थ सूर्य षष्ठी व्रत का महात्म्य, विधि तथा कथा करने को कहा था। कथा के अनुसार एक राजा को कुष्ठ रोग हो गया। उन्होंने विद्वानों के आदेशानुसार इस व्रत को किया जिसके प्रताप से वे रोगमुक्त होकर राज्यारूढ़ हुए। व्रत की महिमा को देखते हुए काफी संख्या में लोग दिनकर-दीनानाथ की कृपा हेतु इस व्रत को करते हैं।
जल में खड़े होकर भगवान को अर्घ्य देने का विधान है। यही कारण है कि जहां नदी, पोखर या अन्य जलाशयों की कमी होती है वहां लोग आंगन में गड्ढ़ा खोद, उसमें पानी भरकर एक मात्र प्रत्यक्ष देवता सूर्य को अर्घ्य देते हैं। जिसे छठ के एक मधुर गीत में भी सुना जा सकता है।
'अंगना में पोखरि खुनायब, ओहि पर अरघ देब...।' जब व्रत की इतनी महिमा है तो भक्तों की कमी नहीं है। पर्व में सूर्य भगवान को अर्घ्य देने के लिए छठ घाटों पर साफ-सफाई और सजावट का काम चल रहा है। छठ पूजा समितियां दो दिनों से घाटों की तैयारी में दिन-रात एक किए हुए है। प्रशासनिक स्तर से भी तैयारी चल रही है।
जिला मुख्यालय के मुख्य घाट
गांधी मैदान पोखर, एसपी आवास पोखर, चकला निर्मली पोखर, अखाड़ा पोखर, निरीक्षण भवन पोखर, पिपरा रोड, बड़ी नहर से पूरब स्थित तालाब, गजना धार, सिंहेश्वर जाने वाली सड़क में बड़ी नहर से पूरब स्थित तालाब, पुनर्वास पोखर, जिलाधिकारी आवास के पूरब स्थित तालाब घाट, रामदास अखाड़ा से पूरब स्थित तालाब घाट, प्रखंड परिसर स्थित पोखर, बीआरसी स्थित पोखर, सुपौल हाई स्कूल सुपौल स्थित पोखर।