विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मिड-डे मील में मिली मरी छिपकली, भागलपुर में खाना खाते ही 12 बच्चों की बिगड़ी तबीयत

Published: Fri, 09 Oct 2026 10:15 PM (IST)

प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर पनसल्ला में मध्याह्न भोजन में मरी छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया, जिससे 12 बच्चे बीमार पड़ गए।

खाने में मिली मरी हुई छिपकली। (जागरण)

खाने में मिली मरी हुई छिपकली। (जागरण)

HighLights

  1. मध्याह्न भोजन में मरी छिपकली मिलने से 12 बच्चे बीमार।

  2. ग्रामीणों ने भोजन आपूर्ति एजेंसी के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन।

  3. बीडीओ ने घटना की जांच और दोषियों पर कार्रवाई के दिए आदेश।

संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम। प्रखंड के कटहरा पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर पनसल्ला में शुक्रवार को मध्याह्न भोजन में मरी छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया।

भोजन खाने के बाद 12 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। किसी को पेट दर्द तो किसी को उल्टी होने लगी। घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।

आक्रोशित ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और बच्चों की हालत देखकर नाराजगी जताई। सूचना मिलते ही बीडीओ प्रतीक राज विद्यालय पहुंचे और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इसके बाद बीमार बच्चों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. कुंदन भाई पटेल ने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।

बीमार बच्चों में ऋतिक रोशन, दुर्गा कुमारी, सोनाली कुमारी, प्रियांशी कुमारी, सुखनी कुमारी, अंजली कुमारी, अनुज कुमार, करिश्मा कुमारी, वैष्णवी कुमारी, युवराज कुमार, लक्ष्मी कुमारी और करुणा कुमारी सहित अन्य बच्चे शामिल हैं।

अस्पताल में एजेंसी के ट्रांसपोर्टर को घेरा

घटना के बाद अस्पताल परिसर में दर्जनों परिजनों और ग्रामीणों ने भोजन आपूर्ति करने वाली एजेंसी के ट्रांसपोर्टर को घेर लिया और जमकर हंगामा किया।

ग्रामीणों ने एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीण भस्मा देवी, रेखा देवी, मीना देवी और नीलम देवी ने आरोप लगाया कि एजेंसी की ओर से विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण भोजन की आपूर्ति नहीं की जाती है।

उन्होंने बताया कि करीब चार महीने पहले भी घटिया भोजन मिलने पर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए भोजन तालाब में फेंक दिया था। एजेंसी के ट्रांसपोर्टर साकेत कुमार ने बताया कि मेरा काम सिर्फ विद्यालय में खाना पहुंचना है छिपकली कहां से आई मुझे पता नहीं।

चावल परोसने के दौरान मिली छिपकली

विद्यालय की रसोइया बबीता देवी ने बताया कि शुक्रवार को मेनू के अनुसार एजेंसी की ओर से आलू-चना की सब्जी और चावल उपलब्ध कराया गया था।

वह बच्चों को चावल परोस रही थीं, जबकि दूसरी रसोइया सब्जी परोस रही थीं। इसी दौरान कुछ बच्चों ने चावल में मरी हुई छिपकली होने की जानकारी दी।

तब तक कुछ बच्चे भोजन कर चुके थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना प्रभारी प्रधानाध्यापिका जुलका कुमारी को दी। इसी बीच कुछ बच्चों को उल्टी होने लगी, जिसके बाद अन्य बच्चे भोजन छोड़कर उठ गए।

भोजन आपूर्ति करने वाली एजेंसी बाल विकास सेवा संस्थान, दिल्ली के प्रखंड प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने बताया कि भोजन तैयार होने के बाद पांच स्तरों पर जांच की जाती है और फिर पैकिंग कर विद्यालय भेजा जाता है। भोजन में छिपकली कहां से आई, इसकी जानकारी नहीं है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

बीडीओ प्रतीक राज ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर पनसल्ला में मध्याह्न भोजन में मरी छिपकली मिलने की सूचना पर वह विद्यालय पहुंचे थे।

उस समय प्रधानाध्यापक छुट्टी पर थे। मौके पर मौजूद प्रभारी प्रधानाध्यापिका से घटना की जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि 12 बच्चों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

घटना की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बीडीओ ने रसोइया को भोजन परोसने से पहले उसकी जांच करने का भी निर्देश दिया।

यह भी पढ़ें- सिवान के सरकारी स्कूलों में 5 माह से फंसा मिड डे मील का बजट, दुकानदारों ने राशन देने से खींचे हाथ