Coronavirus Bhagalpur Update : डॉक्टर समेत तीन की रिपोर्ट नेगेटिव, फिर से लिए जाएंगे सैंपल, आज होगा एक्सरे
Coronavirus Bhagalpur News Update यहां के तीन मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आने से राहत तो मिली है लेकिन इनकी जांच फिर से की जाएगी। अभी सभी अस्पताल में ही भर्ती हैं।
भागलपुर, जेएनएन। Coronavirus Bhagalpur News Update : मेडिकल कॉलेज के पीजी छात्र समेत तीन लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इनमें सिकंदरपुर का युवक और बिहपुर की एक युवती शामिल है। तीनों की एक और जांच होगी। रिपोर्ट निगेटिव मिलने पर तीनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। सन्हौला के मरीज की रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
शुक्रवार की सुबह जिले के वरीय अधिकारियों ने लोगों को लॉकडाउन पालन करने का सख्ती का निर्देश दिया। सुबह से ही माइकिंग की जा रही है। वह इलाका जहां कोरोना संक्रमित क्षेत्र है, वहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखा है।
22 अप्रैल को मिली जांच रिपोर्ट में चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। चारों को मायागंज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। पीजी छात्र को छोड़कर अन्य तीन लोग दूसरे प्रदेश से भागलपुर आए थे। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी मंडल ने कहा कि पीजी छात्र का सैंपल आज भेज दिया गया है। शनिवार को और दो लोगों का सैंपल भेजा जाएगा। शनिवार को एक्सरे भी होगा। रिपोर्ट निगेटिव मिलने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
अबतक सात लोग स्वस्थ होकर लौट चुके
मायागंज अस्पताल में इसके पूर्व मुंगेर के छह लोगों का इलाज किया गया था। इनमें एक महिला और बच्चा भी शामिल था। इन्हें 26 मार्च को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। स्वस्थ होने पर छह अप्रैल को अस्पताल से छुट्टी दी गई। वहीं, नवगछिया के व्यवसायी को भी भर्ती कर 12 अप्रैल को छुट्टी दी गई। सभी कोरोना पॉजिटिव थे।
केंद्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा सचिव प्रीति सूदन ने शुक्रवार को सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर उन जिलों के बारे में बताया है जिनका वर्गीकरण रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन के तहत हुआ है।
रेड जोन में शामिल बिहार के जिलेे (5): मुंगेर, पटना, रोहतास, बक्सर व गया।
ऑरेंज जोन (19): नालंदा, कैमूर, सिवान, गोपालगंज, भागलपुर, बेगुसराय, औरंगाबाद, मधुबनी, पूर्वी चंपारण, अरवल, सारण, नवादा, लखीसराय, वैशाली, दरभंगा, जहानाबाद, बांका, मधेपुरा, पूर्णिया।
ग्रीन जोन: शेष जिले।