लाजपत पार्क, सैंडिस कंपाउंड और जयप्रकाश उद्यान का होगा कायाकल्प, जानिए... क्या होने वाला है खास Bhagalpur News
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए तरह-तरह के पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए ग्रीन हाउस तैयार किया जाएगा। खेल-कूद की सुविधाएं होंगी। साफ सफाई पर ध्यान दिया जाएगा।
भागलपुर [जेएनएन]। लाजपत पार्क, सैंडिस कंपाउंड और जयप्रकाश उद्यान को विकसित किया जाएगा। फूड कोर्ट और फूड पार्क भी बनाए जाएंगे। सैंडिस कंपाउंड में बच्चों के खेलने की व्यवस्था होगी। तालाबों का सुंदरीकरण होगा। फव्वारा लगेगा। लोगों के टहलने के लिए फुटपाथ बनेगा। खुबसूरत फूल पौधे लगेंगे। माली की व्यवस्था होगी। प्रत्येक दिन साफ-सफाई की व्यवस्था होगी।
प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश मिस्टर आइ सैंडिस के नाम से प्रसिद्ध भागलपुर का सैंडिस कंपाउंड को स्मार्ट सिटी में शामिल किया गया है। इसे नए लुक और तमाम तरह की सुविधा से युक्त करने की दिशा में पहल शुरू कर दी गई है। साथ ही कंपाउंड में मेला ग्राउंड व स्वीमिंग पुल का भी बनाना तय है।
नवंबर तक शुरू हो जाएगा काम : सैंडिस कंपाउंड के चारों ओर ऊंची चहारदीवारी बनेगी। स्वीमिंग पुल बनेंगे, स्टेशन क्लब का कायाकल्प होगा व पार्क को मॉर्डन बनाया जाएगा। नवंबर से सैंडिस कंपाउंड के विकास का काम शुरू हो जाएगा।
कलाकारों का रखा जाएगा ध्यान : ओपेन एयर थियेटर का रेनोवेशन होगा। मल्टीपल एक्टिविटी के लिए स्टेशन क्लब में मल्टीप्लेक्स लांज बनाया जाएगा। यहां पर खाने-पीने की सुविधा होगी। क्रियेटिव एक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए मूर्ति कला, पेंटिंग आदि को बढ़ावा दिया जाएगा। स्टेशन क्लब के लुक को बरकारर रखा जाएगा।
स्पोर्ट्स की होगी सुविधा : सेटर ऑफ एक्सलेंस के तहत 6.1 करोड़ की लागत से खेल भवन और व्यायामशाला का निर्माण होगा। दो मंजिला खेल भवन की लंबाई और चौड़ाई 160 गुणा 140 होगी। इसमें वैट लिफ्टिंग, योगा ताईक्वांडो एवं अन्य प्रकार के खेल होंगे। कबड्डी, फुटबॉल व अन्य खेल में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं। इसलिए क्रिकेट के साथ-साथ मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाने की तैयारी चल रही है। स्टेडियम को रणजी जैसा बनाने की तैयारी है।
ऐसा होगा नजारा : पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए तरह-तरह के पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए ग्रीन हाउस तैयार किया जाएगा। यहां पर फ्लावर पॉट व तरह-तरह के पौधे तैयार होंगे। साथ ही वाटर रिचार्ज की व्यवस्था की जाएगी। इससे सैंडिस कंपाउंड का पानी बर्बाद नहीं होगा। इसी का पानी सिंचाई में भी काम आएगा। इंडोर स्टेडियम के पीछे दो तालाब हैं, जिसे सुविधा युक्त बनाया जाएगा। इसमें एक में बोटिंग की सुविधा एवं दूसरे में नेचुरल दृश्य रहेगा। पेड़ों को दीमक चट कर रहे हैं। इसका निदान होगा और लगे पेड़ों को बचाने का प्रयास होगा।
मनोरंजन के होंगे साधन : मनोरंजन के लिए सैंडिस कंपाउंड स्थित ओपेन एयर थियेटर के समीप मेला ग्राउंड बनेगा। इसके बगल में दो स्वीमिंग पुल बनाया जाएगा। एल्युमिनेशन प्रमोट इवनिंग एंड नाइट लाइफ की सुविधा मिलेगी। इसमें लोग नाटक व अन्य प्रकार के मनोरंजन कर सकते हैं। वाटर लाइट शो लगेंगे। फ्री वाइ-फाइ जोन होगा। भागलपुर से जुड़ी चीजों की प्रदर्शनी लगेगी।
तीन तरह के होंगे ट्रैक : सैंडिस कंपाउंड में तीन तरह के ट्रैक बनाए जाएंगे। जॉगिंग के लिए अलग, वॉकिंग के लिए अलग और साइकलिंग के लिए अलग ट्रैक बनेंगे। तीनों ट्रैक साथ-साथ रहेंगे। यह ऐसा बनेगा, जिस पर किसी प्रकार से गिरने पर भी अधिक चोट नहीं लगे।