कोसी में फैला है हथियार तस्करों का संजाल
हथियारों का कारोबार मुख्यत मुंगेर से किया जाता है। कोसी क्षेत्र में नेटवर्क फैला हुआ हैं। जो ग्राहक को हथियार सप्लाई से लेकर अन्य कार्य करता है।
मधेपुरा। (धर्मेंद्र भारद्वाज) कोसी में हथियार तस्करों का संजाल बिछा हुआ है। यहां मुंगेर से हथियारों की खेप लाकर बेची जाती है। खासकर कोसी के दियारा क्षेत्रों में कारोबार अधिक फल-फूल रहा है। दरअसल इसका खुलासा पिछले दिनों दोहरे हत्याकांड में गिरफ्तार मुख्य आरोपित अमरेश कुमार ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया है। अमरेश भी हथियार तस्करी का ही धंधा करता है।
बता दें कि इस तस्करी के विवाद में लगभग आधा दर्जन लोगों की जान भी जा चूकी है। सदर थाना क्षेत्र में ही राजीव कुमार व संजीव कुमार की हत्या हथियार भी खरीद-बिक्री को लेकर उत्पन्न विवाद में हुई थी। वहीं हथियार का भय दिखाकर क्षेत्र में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया जाता है।
मुंगेर से पहुंचता है हथियारों का खेप
हथियारों का कारोबार मुख्यत मुंगेर से किया जाता है। कोसी क्षेत्र में नेटवर्क फैला हुआ हैं। जो ग्राहक को हथियार सप्लाई से लेकर अन्य कार्य करता है। पूरा कारोबार वाट्सएप के माध्यम से होता है। हथियारों को रखने का सुरक्षित क्षेत्र दियारा इलाके को बनाया गया है। जहां से मांग पर हथियार दूसरे जगह भेजी जाती है।
हथियार का भय दिखाकर किया जाता है लूटपाट
06 मार्च - बिहारीगंज रेलवे ढाला के समपी हथियार का भय दिखाकर बदमाशों ने बाइक लूट ली थी।
06 मार्च - रेशना चौक के समीप भी बदमाशों ने हथियार के दम पर बाइक व 20 हजार रुपये की लूट की थी।
11 मार्च - सदर थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के समीप हथियार के बल पर अभिषेक कुमार का पल्सर लूट लिया था।
17 मार्च - बिहारीगंज से हथियार के बल पर लूटपाट करते पंकज राम को दो देसी कट्टा व चार कारतूस के साथ पकड़ा गया था।
इस संबंध में एसपी विकास कुमार ने बताया कि बदमाशों से बरामद कई हथियार मुंगेर इलाके से लाए जाने की बात सामने आई है। क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार गश्ती किया जता है। सभी थानाध्यक्ष को क्षेत्र में पैनी नजर रखने को कहा गया है।