कोसी स्नातक चुनाव: 14 जिलों में मतदान शुरू, 15 प्रत्याशियों का होगा फैसला; भागलपुर DM अलंकृता पांडेय कर रहीं मॉनिटरिंग
Koshi Graduate MLC Election 2026 Voting Live: बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 14 जिलों ...और पढ़ें

Koshi Graduate MLC Election 2026 Voting Live: भागलपुर में मतदान शुरू। डॉ. मृत्युंजय सिंंह गंगा ने अपनी पत्नी के साथ डाले वोट।
HighLights
कोसी स्नातक चुनाव के लिए 14 जिलों में मतदान शुरू हुआ।
15 उम्मीदवार मैदान में, प्रमुख प्रत्याशियों में कड़ी टक्कर।
मतपेटियां पूर्णिया के स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा में भेजी जाएंगी।
जागरण टीम, भागलपुर। Koshi Graduate MLC Election 2026 Voting Live: बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार सुबह 8:00 बजे से प्रमंडल के 14 जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया है। चुनावी अखाड़े में कुल 15 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सभी 118 बूथों पर सुबह से ही स्नातक मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई हैं। मतदान शाम 4:00 बजे तक संपन्न होगा।
इस प्रतिष्ठित सीट पर वर्तमान विधान पार्षद (एमएलसी) सह एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी डॉ. एनके यादव का सीधा मुकाबला जन सुराज के डॉ. रजनीश रंजन, कांग्रेस के मनोज जायसवाल और राजद के नितेश कुमार यादव से माना जा रहा है।
-1792734556501.webp)
पूर्णिया में मतदान केंद्रों का आयुक्त ने निरीक्षण किया। केंद्र के अंदर और बाहर सुरक्षा की व्यवस्था की जानकारी ली। मतदाताओं से भी उन्होंने बातचीत की। कहा कि शत प्रतिशत मतदान करें, किसी दबाव में नहीं आएं।
पूर्णिया: बूथ पर पर्चा फाड़ने पर हंगामा
कोसी स्नातक चुनाव के दौरान पूर्णिया शहर के नगर निगम मतदान केंद्र के बाहर बने भाजपा कैंप में मतदाताओं को प्रत्याशी के नाम वाला पर्चा बांटे जाने पर विवाद खड़ा हो गया। जन सुराज समर्थकों ने आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए इसका कड़ा विरोध किया। हंगामे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए तुरंत कार्रवाई की और कैंप से प्रत्याशी के नाम व प्रचार सामग्री वाले सभी पर्चे हटवा दिए, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।
भागलपुर में मतदान जारी
भागलपुर जिले के 26 केंद्रों पर मतदान का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार सुबह से ही शिक्षाविदों, प्रोफेसरों, वकीलों और प्रबुद्ध मतदाताओं में वोटिंग को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसी क्रम में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के सिंडिकेट व सीनेट सदस्य डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा ने अपनी पत्नी प्रो. (डॉ.) सपना सिंह के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
तिलकामांझी कृषि कार्यालय केंद्र पर सुबह 9:30 बजे डाला वोट
डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा अपनी धर्मपत्नी प्रो. सपना सिंह के साथ सुबह करीब 9:30 बजे भागलपुर शहर के तिलकामांझी स्थित संयुक्त कृषि कार्यालय भवन परिसर में बने मतदान केंद्र पर पहुंचे। वहां उन्होंने सामान्य मतदाताओं की तरह अपनी बारी का इंतजार करते हुए मतपत्र पर अपनी पहली पसंद दर्ज की।
मतदान केंद्र से बाहर निकलने के बाद डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा ने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र लोकतंत्र में शिक्षित वर्ग की आवाज को सदन तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने क्षेत्र के सभी स्नातक मतदाताओं से समय निकालकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने और एक योग्य प्रतिनिधि चुनने का आह्वान किया।
उधर, भागलपुर के जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का मुआयना कर रही है ताकि पूरी मतदान प्रक्रिया पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।
-1792734117703.webp)
सुबह 8:00 से 11:00 बजे तक भागलपुर सबौर के एक बूथ पर 988 मतदाताओं में से 107 ने मतदान किया, जबकि दूसरे मतदान केंद्र पर 1,022 मतदाताओं में से 95 वोट पड़े।
मधेपुरा: सदर अनुमंडल केंद्र पहुंचे DM-SP
मधेपुरा जिले के 14 मतदान केंद्रों पर सुबह 8:00 बजे से 9,678 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान शुरू होते ही जिला मुख्यालय स्थित सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर केंद्र पर जिलाधिकारी अभिषेक रंजन और पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह ने पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने का निर्देश दिया।
-1792734202936.webp)
निर्वाचन आयोग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी मतदाता के पास निर्वाचन फोटो पहचान पत्र नहीं है, तो वे आयोग द्वारा तय 10 वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों (आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, सरकारी/अर्द्धसरकारी सेवा पहचान-पत्र, जनप्रतिनिधि पहचान-पत्र, शिक्षण संस्थान का पहचान-पत्र, डिग्री/डिप्लोमा मूल प्रमाण-पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण-पत्र या यूडीआईडी कार्ड) में से कोई एक दिखाकर मतदान कर सकते हैं।
मधेपुरा जिले में प्रखंड कार्यालय परिसर कुमारखंड में सर्वाधिक 1,133 मतदाता हैं, जबकि सदर अनुमंडल कार्यालय केंद्र पर 939, आलमनगर में 824, मुरलीगंज में 816, मधेपुरा प्रखंड में 770, सिंहेश्वर में 765, बिहारीगंज में 751, उदाकिशुनगंज में 734, चौसा में 655, गम्हरिया में 551, शंकरपुर में 484, ग्वालपाड़ा में 477, घैलाढ़ में 407 और पुरैनी में 372 मतदाता पंजीकृत हैं।
लखीसराय : सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
-1792733876513.webp)
लखीसराय जिले के सात मतदान केंद्रों पर कुल 3,753 मतदाता (2,940 पुरुष और 813 महिला) 15 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला कर रहे हैं। जिले में रामगढ़ चौक प्रखंड को छोड़कर अन्य प्रखंडों—बड़हिया, पिपरिया, सूर्यगढ़ा, लखीसराय, हलसी प्रखंड कार्यालयों और लखीसराय नगर परिषद कार्यालय में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी बूथों पर दंडाधिकारी, पुलिस बल और माइक्रो प्रेक्षक तैनात हैं।
पूर्णिया भेजी जाएंगी मतपेटियां
-1792734390389.webp)
उधर, बांका जिले के 11 मतदान केंद्रों पर 10,692 स्नातक मतदाता अपने वोट डाल रहे हैं। बांका जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मतपेटियों को मुंगेर के रास्ते कड़ी सुरक्षा के बीच पूर्णिया स्थित केंद्रीय वज्रगृह (स्ट्रॉन्ग रूम) तक सुरक्षित पहुंचाने की विशेष व्यवस्था की गई है।
मुंगेर में बैलेट पेपर से मतदान, पूर्णिया में आयुक्त ने लिया जायजा
मुंगेर जिले के 12 मतदान केंद्रों पर लगभग 8,753 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सहायक निर्वाची पदाधिकारी (एआरओ) निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बताया कि मतदान बैलेट पेपर से एकल संक्रमणीय मत पद्धति के तहत कराया जा रहा है।
पूर्णिया प्रमंडलीय मुख्यालय में निर्वाचन पदाधिकारी-सह-प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। मतदान केंद्रों की स्थिति देखकर बाहर निकले आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया और शांतिपूर्ण व सुगम मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान समाप्त होते ही 14 जिलों की सभी मतपेटियां पूर्णिया स्ट्रॉन्ग रूम में थ्री-लेयर सुरक्षा घेरे में जमा कराई जाएंगी।
यहां बता दें कि बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से 14 जिलों के 118 केंद्रों पर मतदान जारी है। सुबह की ठंडक और कामकाजी दिन होने के कारण शुरुआती दौर में मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी रही, लेकिन समय बढ़ने के साथ केंद्रों पर स्नातक मतदाताओं की कतारें लंबी होने लगी हैं।
जमुई: शुरुआती दो घंटों में धीमी शुरुआत
जमुई जिले के शहरी मतदान केंद्रों पर सुबह के पहले डेढ़ से दो घंटों में मतदाताओं की संख्या सीमित रही। जमुई प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर कुल 475 पंजीकृत स्नातक मतदाताओं में से सुबह 9:30 बजे तक मात्र 33 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
-1792734479429.webp)
प्रखंड कार्यालय केंद्र के बाहर का नजारा भी चर्चा का विषय बना रहा, जहां एक प्रमुख प्रत्याशी के समर्थक खुलेआम तंबू (कैंप) लगाकर आने-जाने वाले मतदाताओं को पर्ची देने और अपने पक्ष में आकर्षित करने की जुगत में जुटे दिखे।
वहीं, जमुई अंचल कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर कुल 615 मतदाताओं में से सुबह 9:40 बजे तक 36 मतदाताओं ने अपने वोट डाले। हालांकि, 10 बजे के बाद वकीलों, शिक्षकों और सरकारी कर्मियों के पहुंचने से कतारें बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
खगड़िया के परबत्ता में वोटिंग शुरू
-1792734785297.webp)
खगड़िया जिले के परबत्ता स्थित मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सुबह आठ बजे मतदान प्रारंभ हुआ। यहां स्नातक मतदाता पहचान पत्रों के सत्यापन के बाद कतारबद्ध होकर अपने मतपत्र पर पहली पसंद दर्ज कर रहे हैं।
मधेपुरा में डीएम-एसपी ने लिया जायजा
उधर, मधेपुरा जिला मुख्यालय स्थित सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में बने मतदान केंद्र का जायजा लेने जिलाधिकारी अभिषेक रंजन और पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह स्वयं पहुंचे। अधिकारियों ने मतदान कक्ष के भीतर मतदान कर्मियों से व्यवस्था की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। डीएम ने निर्देश दिया कि मतदान केंद्र के सौ मीटर के दायरे में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या राजनीतिक गतिविधि को बिल्कुल बर्दाश्त न किया जाए।
14 जिलों के सभी केंद्रों से दोपहर बाद मतदान प्रतिशत में तेजी आने की संभावना है। शाम चार बजे मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को सुरक्षा पहरे में पूर्णिया भेजा जाएगा।
मधेपुरा: बूथ से हटाए राजनीतिक टेंट
-1792734007149.webp)
मधेपुरा जिला मुख्यालय स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर मतदान केंद्र के समीप लगे राजग (NDA) और राजद (महागठबंधन) समर्थित प्रत्याशियों के टेंट व कुर्सियों को पुलिस अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हटवा दिया। मौके पर तैनात सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का राजनीतिक टेंट या शिविर लगाने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा किसी भी दल या प्रत्याशी द्वारा इसके लिए पूर्व से कोई प्रशासनिक अनुमति भी नहीं ली गई थी।
सहरसा: सदर केंद्र पर पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने किया मतदान
-1792734319135.webp)
सहरसा जिले के अंतर्गत सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। स्नातक मतदाता शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बारी का इंतजार करते और अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए।
इसी क्रम में पूर्व विधायक सह जन सुराज नेता किशोर कुमार मुन्ना ने भी सहरसा सदर अनुमंडल कार्यालय मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्र से बाहर निकलते हुए उन्होंने सभी स्नातक मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। जिले के अन्य प्रखंडों में भी मतदान शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से जारी है।
अररिया के रानीगंज में कतारबद्ध दिखे वोटर, भागलपुर में प्रशासन अलर्ट
-1792734722755.webp)
अररिया जिले के रानीगंज स्थित मतदान केंद्र पर भी सुबह से ही मतदाताओं का जमावड़ा शुरू हो गया और मतदाता कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
वहीं, भागलपुर जिले में सुबह आठ बजे से सभी 26 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी है। चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष, स्वच्छ और पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय स्वयं लगातार पूरे चुनावी प्रक्रिया की सघन मॉनिटरिंग कर रही हैं।
भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव अपने पूरे पुलिस बल के साथ फील्ड में मुस्तैद हैं और शहर से लेकर देहाती क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के अन्य जिलों में भी सुरक्षा के कड़े पहरे के बीच मतदाता 15 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद कर रहे हैं।
अररिया: 11 केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान
कोसी स्नातक निर्वाचन को लेकर अररिया जिले के 11 मतदान केंद्रों पर शुक्रवार सुबह 8:00 बजे से शांतिपूर्ण माहौल में मतदान जारी है, जो अपराह्न 4:00 बजे तक चलेगा। जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में बनाए गए इन केंद्रों पर कुल 9,167 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें 7,202 पुरुष और 1,965 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मतपेटियों को पूर्णिया भेजा जाएगा, जहां 27 अक्टूबर को मतों की गिनती होगी।
