विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोसी स्नातक चुनाव: भागलपुर के 26 केंद्रों पर मतदान तेज! सबौर में 3 घंटे में 202 वोट, DM-SSP ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

Published: Fri, 23 Oct 2026 12:14 PM (GMT+05:30)

Koshi Graduate MLC Election 2026 Bhagalpur: भागलपुर में कोसी स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए 26 केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण जारी ...और पढ़ें

Koshi Graduate MLC Election 2026 Bhagalpur:  DM अलंकृता पांडेय ने लिया केंद्रों का जायजा।

Koshi Graduate MLC Election 2026 Bhagalpur: DM अलंकृता पांडेय ने लिया केंद्रों का जायजा।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Koshi Graduate MLC Election 2026 Bhagalpur: बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन क्षेत्र के लिए भागलपुर जिले के 26 केंद्रों पर शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।

सुबह के शुरुआती घंटों में कामकाजी दिन और हल्की सुस्ती के चलते बूथों पर मतदाताओं की उपस्थिति सीमित रही, लेकिन दिन चढ़ने और धूप खिलने के साथ ही विभिन्न केंद्रों पर स्नातक मतदाताओं की कतारें लंबी होने लगी हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, पूरे जिले में मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में चल रहा है और अब तक कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

सबौर में तीन घंटे में 202 वोटरों ने किया मतदान

प्रखंडवार मतदान की बात करें तो सबौर में बनाए गए दोनों मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सक्रिय आवाजाही देखने को मिली। सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे तक के पहले तीन घंटों में सबौर के पहले मतदान केंद्र पर कुल 988 मतदाताओं में से 107 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

Kosi Graduate Election Bhagalpur Voting Peaceful DM SSP Inspect (2)

भागलपुर मतदान: आंकड़े एक नजर में

  • कुल मतदान केंद्र: 26

  • कुल पंजीकृत मतदाता: 24,514

    • पुरुष मतदाता: 17,838

    • महिला मतदाता: 6,674

    • अन्य मतदाता: 02

वहीं, दूसरे मतदान केंद्र पर पंजीकृत 1,022 मतदाताओं में से 95 मतदाताओं ने मतपत्र पर अपनी पहली पसंद दर्ज की। इस प्रकार सबौर के दोनों बूथों को मिलाकर शुरुआती तीन घंटों में कुल 202 स्नातक वोटरों ने मतदान किया। केंद्रों पर तैनात मतदानकर्मी निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पहचान पत्रों का सत्यापन कर सुचारु रूप से मतदान संपन्न करा रहे हैं।

Kosi Graduate Election Bhagalpur Voting Peaceful DM SSP Inspect (1)

जिले में 24,514 मतदाता, शाम 4 बजे तक डाले जाएंगे वोट

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए भागलपुर जिले में कुल 24,514 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 17,838 पुरुष, 6,674 महिला और दो अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। सभी 26 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मतदान का समय सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित है, जिसके बाद सभी मतपेटियों को सील कर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में निर्धारित वज्रगृह (स्ट्रॉन्ग रूम) पहुंचाया जाएगा।

Kosi Graduate Election Bhagalpur Voting Peaceful DM SSP Inspect (3)

डीएम अलंकृता पांडेय व एसएसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

मतदान प्रक्रिया शुरू होने के उपरांत जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से शहर और ग्रामीण इलाकों के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मतदान कक्षों, बैरिकेडिंग, मतदाता कतारों और पुलिस बल की मुस्तैदी का बारीकी से निरीक्षण किया।

डीएम ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पीठासीन पदाधिकारियों को पूरी निष्पक्षता और सतर्कता के साथ दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने सुरक्षा बलों को केंद्र के आसपास किसी भी प्रकार की भीड़ या अनधिकृत गतिविधि पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें- कोसी स्नातक सीट के ल‍िए ब‍िहार के 14 जिलों में वोटिंग शुरू, BJP के डॉ एनके यादव को जन सुराज, कांग्रेस व राजद से टक्‍कर