कोसी के कटाव से छोटा पड़ा पीपा पुल, किसानों की बढ़ी परेशानी, भागलपुर के खरीक में 150 फीट लंबाई बढ़ाने की मांग
कोसी नदी के लगातार कटाव से भागलपुर के खरीक स्थित हरियो-तिरमोहन घाट पर बना पीपा पुल छोटा पड़ गया है, जिससे किसानों का आवागमन बाधित हो गया है।

खरीक में कोसी नदी के कटाव से प्रभावित पीपा पुल का मुआयना करते भाजपा नेता रूप कुमार रूप
HighLights
कोसी कटाव से पीपा पुल की लंबाई घटी।
किसानों का आवागमन बाधित, खेती पर असर।
पुल 150 फीट बढ़ाने की मांग, छठ तक उम्मीद।
संवाद सूत्र, खरीक (भागलपुर)। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के हरियो-तिरमोहन घाट पर कोसी नदी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव और भीषण कटाव के कारण किसानों की सुविधा के लिए बनाया गया पीपा पुल गंभीर संकट में आ गया है।
नदी की चौड़ाई बढ़ने से पुल की वर्तमान लंबाई कम पड़ गई है, और दोनों तरफ संपर्क मार्ग बाधित होने के कारण किसानों के आवागमन पर ब्रेक लग गया है। खेती-बाड़ी के इस बेहद महत्वपूर्ण समय में आवागमन बाधित होने से स्थानीय अन्नदाताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों की गंभीर समस्याओं को देखते हुए भाजपा नेता रूप कुमार रूप कहरारपुर ने मौके पर पहुंचकर पीपा पुल का जायजा लिया। किसानों ने उन्हें बताया कि पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र की पहल और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर करीब एक साल पहले ही इस पीपा पुल का निर्माण कराया गया था।
जिससे किसानों को कोसी नदी पार करने में बड़ी सहूलियत मिलती थी। लेकिन अब कटाव के कारण पुल का एक हिस्सा तो ठीक है, पर संपर्क मार्ग कट जाने से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है।
150 फीट अतिरिक्त लंबाई बढ़ाने की उठी मांग
स्थानीय किसानों ने भाजपा नेता को बताया कि नदी के फैलाव को देखते हुए पीपा पुल में लगभग 150 फीट अतिरिक्त लंबाई बढ़ाने की तत्काल आवश्यकता है। किसानों ने मांग की कि यदि समय रहते पुल का विस्तार नहीं किया गया, तो उनकी खेती-बाड़ी का कार्य ठप पड़ जाएगा।
मंत्री के निर्देश पर अधिकारियों से हुई त्वरित बातचीत
किसानों की इस समस्या को पूरी गंभीरता से लेते हुए भाजपा नेता रूप कुमार रूप कहरारपुर ने मौके से ही पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र के निर्देशानुसार सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने पुल की लंबाई बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, मौके पर मौजूद निर्माण एजेंसी (संवेदक) को भी जल्द से जल्द कार्य शुरू कर पुल के विस्तार की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
छठ पूजा तक पूरा होने की उम्मीद
प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर हो रही इस त्वरित पहल के बाद, पीपा पुल की लंबाई बढ़ाने का कार्य छठ पूजा तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा हो जाता है, तो क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और वे सुचारू रूप से अपने कृषि कार्य संपन्न कर सकेंगे। किसानों ने उम्मीद जताई है कि विभाग जल्द ही इस स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम बढ़ाएगा।
