केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस से की खगड़िया सांसद ने बात, जुलाई से शुरू हो सकता है फूड पार्क, बदल जाएगी जिले की किस्मत
खगड़िया सांसद की केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पशुपति कुमार पारस से बातचीत हुई है। जुलाई में की जा सकती है प्रिस्टीन मेगा फूड पार्क की शुरुआत। इस फूड पार्क से खगड़िया के साथ-साथ आसपास के जिलों के किसानों को भी पहुंचेगा लाभ।
निर्भय, खगड़िया: सबकुछ ठीक-ठाक रहा, तो मक्का किसानों के लिए यह वर्ष वरदान बन जाएगा। जुलाई में यहां बन रहे प्रिस्टीन मेगा फूड पार्क के शुरू हो जाने पर खगड़िया समेत आसपास के जिलों के मक्का किसानों की चांदी हो जाएगी। अभी यहां ग्रेन साइलो (क्षमता पांच हजार टन) का कार्य तेजी से चल रहा है। जून तक काम पूरा हो जाने की उम्मीद है। इसके बाद जुलाई में फूड पार्क का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।
खगड़िया के सांसद चौधरी महबूब अली कैसर की इस संबंध में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पशुपति कुमार पारस से बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि सबकुछ ठीक-ठाक चला तो जुलाई में पार्क शुरू हो जाएगा। सांसद चौधरी महबूब अली कैसर ने कहा कि इस दिशा में उनकी सूबे के उद्योग मंत्री शहनवाज हुसैन से भी बात हुई है।
यहां कोल्ड स्टोरेज, गोदाम आदि बनकर तैयार हो चुका है। नटराजा कंपनी यहां आ चुकी है। इसने पाल्ट्री फीड बनाने का काम शुरू कर दिया है। अभी यहां दो हजार टन प्रतिमाह पाल्ट्री फीड तैयार हो रहा है। इसमें मुख्य रूप से मक्का की 60 प्रतिशत के आसपास खपत होती है।
मक्का उत्पादन में अव्वल है जिला
मालूम हो कि मक्का उत्पादन में पूरे देश में खगडिय़ा का विशेष स्थान है। इस जिले में 50 हजार हेक्टेयर जमीन में मक्के की खेती होती है। जिले में सालाना एक लाख 55 हजार मीट्रिक टन मक्के का उत्पादन होता है। फूड पार्क के पूर्ण रूप से चालू हो जाने के बाद यहां मक्का की खपत बढ़ेगी। किसान सीधे आकर मक्का बेचेंगे। उन्हें बिचौलिये से मुक्ति मिलेगी और उचित दाम भी मिलेगा। जिला कृषि पदाधिकारी शैलेश कुमार का भी मानना है कि फूड पार्क के चालू हो जाने से मक्का की खेती का रकबा बढ़ेगा। सोयाबीन की खेती भी बढ़ेगी। अभी दो हजार हेक्टेयर में सोयाबीन की खेती होती है। पाल्ट्री फीड में सोयाबीन की भी जरूरत पड़ती है। फूड पार्क खुलने से खगड़िया का बाजार बढ़ेगा। बेलदौर में इथेनाल प्लांट लगाने की भी बात चल रही है। उसमें मक्के व ईख की खपत होगी।
प्रिस्टीन मेगा फूड पार्क के सीईओ आनंद मोहन झा ने कहा, 'ग्रीन साइलो का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जून में कार्य समाप्त हो जाएगा। उम्मीद है कि जुलाई में प्रिस्टीन मेगा फूड पार्क का विधिवत उद्घाटन हो जाएगा। अभी यहां एक मात्र नटराजा कंपनी आई है। तीन-चार अन्य कंपनियों से बात चल रही है। अन्य कंपनियों के आने के बाद डिमांड बेस एग्रीकल्चर बढ़ेगा। अभी ही मानसी व आसपास के इलाकों में सोयाबीन की खेती शुरू हो गई है। मक्का के मामले में तो यह जिला धनी है ही।'