Khagaria : आशीर्वाद यात्रा ने तोड़ी दलीय सीमाएं... बदल सकता है राजनीतिक समीकरण, कई दिग्गज दिख रहे चिराग के पाले में
आशीर्वाद यात्रा को भले ही दो दिन हो गए हों लेकिन खगडि़या की राजनीति पूरी तरह बदली बदली नजर आ रही है। आशीर्वाद यात्रा के दौरान चिराग पासवान से दूसरी पार्टी के नेताओं के मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे है।
आनलाइन डेस्क, भागलपुर । पहले पार्टी में दो फाड़ और अब याचिका रद होना, कहा जाए तो चिराग पासवान को झटके पर झटके लग रहे हैं। कहने को तो उनका राजनीतिक कद घटा है पर राजनीति में जो दिखता है वह होता नहीं है। इसकी झलक इन दिनों खगडि़या में देखने को मिल रही है। दो दिन पहले वे यहां पर आशीर्वाद यात्रा के दौरान आए थे। इसके बाद यहां की राजनीति में हलचल मच गई है।
आशीर्वाद यात्रा के दौरान दलीय सीमाएं टूटते दिखीं। कई पार्टियों के नेताओं ने उनका स्वागत किया कुछ ने तो उनसे बंद करमें में मुलाकात भी की। राजनीतिक पंडिंत अब इन्हीं सारे तथ्यों को अपने-अपने चश्में से देख कर विशलेषण कर रहे हैं। साथ ही आशीर्वाद यात्रा में उमड़ी भीड़ ने कई संकेत छोड़ गए हैं। इससे भविष्य में खगड़िया का राजनीतिक समीकरण बदल सकता है। खगड़िया से शहरबन्नी तक यात्रा में संकेत ही संकेत छुपे दिखे।
बंद कमरे में मुलाकात के मायने तलाश रहे लोग
शहरबन्नी में राजद नेताओं ने चिराग से बंद कमरे में मुलाकात की। इसमें विधायक भी शामिल थे। यह सबसे अहम बात थी। इसकी हर कोई मायने जानने को बेताब है। राजनीतिक गलियारों में तो कई तरह के चर्चे चल रहे हैं। यात्रा के दौरान अलौली प्रमुख नवीन कुमार ने भी चिराग का गर्मजोशी से स्वागत किया। खगड़िया में जाप नेताओं से भी चिराग की मुलाकात हुई। जाप नेता और पूर्व नगर सभापति मनोहर कुमार यादव से मुलाकात को भी लोग अहम मान रहे हैं। महज 10 मिनट की मुलाकता कई संकेत दे रहे हैं।
चाचा के ससुराल का भी मिला पूरा साथ
आशीर्वाद यात्रा के दौरान चिराग पासवान चाचा रामचंद्र पासवान के ससुराल भी पहुंचे। वहां पर भी लोगों का उन्हें अपार प्यार मिला। लोग उनकी एक झलक पाने के लिए सुबह से ही रोड किनारे खड़े थे। ढोल नगाड़े के साथ लोगों ने उनका स्वागत किया था।