करवा चौथ 2026 : आज शाम 5.04 से 6.20 तक पूजा मुहूर्त! 7.40 बजे दिखेगा चांद, पति के लिए व्रत रखेंगी महिलाएं
Karwa Chauth 2026 Shubh Muhurat: भागलपुर में पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए करवा चौथ का ...और पढ़ें

Karwa Chauth 2026 Shubh Muhurat: भागलपुर में करवा चौथ की पूर्व संध्या पर पूजन सामग्री और शृंगार के सामान की खरीदारी करतीं महिलाएं।
HighLights
करवा चौथ आज भागलपुर में धूमधाम से मनाया जा रहा है।
पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:04 से 6:20 बजे तक।
चंद्रोदय 7:40 बजे, बाजारों में भारी भीड़ और जाम।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Karwa Chauth 2026 Shubh Muhurat: पति की लंबी आयु, आरोग्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ मनाया जाने वाला अखंड सौभाग्य का महापर्व करवा चौथ आज गुरुवार को भागलपुर जिले में धूमधाम व श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के घर-आंगन सुहाग के लाल-गुलाबी रंगों से खिल उठे हैं।
सुहागिन महिलाएं आज पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर करवा माता और भगवान शिव-पार्वती की आराधना करेंगी। शाम को विधिवत कथा श्रवण के बाद सभी को आकाश में चंद्रमा के दीदार का बेसब्री से इंतजार रहेगा।
धार्मिक परंपरा के अनुसार, व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखने के बाद गोधूलि वेला में करवा माता की प्रतिमा या चित्र स्थापित कर धूप-दीप, फल, फूल, रोली, अक्षत और नैवेद्य से पूजन करेंगी। इसके उपरांत मिट्टी के टोंटीदार करवे से जल व दूध मिलाकर अर्घ्य तैयार किया जाएगा। रात्रि में चंद्रमा के क्षितिज पर उभरने के बाद छलनी से चंद्र दर्शन और फिर पति का चेहरा देखकर अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद पति के हाथों से पहला घूंट पानी पीकर और मिष्ठान ग्रहण कर व्रत का पारण होगा।
-1793244955781.webp)
शाम 5:04 से पूजा का समय, 7:40 पर दिखेगा चांद
तिलकामांझी महावीर मंदिर के पुरोहित पंडित आनंद झा ने बताया कि इस बार करवा चौथ 29 अक्टूबर गुरुवार को पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यद्यपि अलग-अलग पंचांगों में ग्रह-नक्षत्रों की गणना के आधार पर समय को लेकर सूक्ष्म अंतर दिखता है, किंतु भागलपुर के स्थानीय पंचांग के अनुसार पूजा का सबसे उत्तम व प्रशस्त समय शाम करीब 5:04 बजे से 6:20 बजे तक रहेगा।
व्रत तिथि: गुरुवार, 29 अक्टूबर
पूजा का शुभ समय (स्थानीय पंचांग): शाम 05:04 बजे से 06:20 बजे तक
शुभ मुहूर्त की कुल अवधि: 01 घंटा 16 मिनट
संभावित चंद्रोदय समय: शाम 07:40 बजे से 07:45 बजे के बीच
पारण विधि: छलनी से चंद्रमा व पति के दर्शन, अर्घ्य समर्पण और पति के हाथों जल ग्रहण
यानी व्रतियों को शाम के समय कुल 01 घंटा 16 मिनट की शुभ अवधि मिलेगी। वहीं, भागलपुर के भौगोलिक निर्देशांकों के अनुसार चंद्रोदय शाम लगभग 7:40 से 7:45 बजे के मध्य संभावित है। आकाश साफ रहने पर व्रती महिलाएं 7:45 बजे तक अर्घ्य अर्पित कर पारण की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगी।
बाजारों में उमड़ी भीड़
करवा चौथ की पूर्व संध्या पर बुधवार को शहर के प्रमुख बाजारों में सुबह से लेकर देर रात तक खरीदारों का भारी रेला उमड़ पड़ा। शृंगार प्रसाधन, फैंसी साड़ियों, लहंगे, सोने-चांदी के आभूषणों, मिट्टी व पीतल के करवे, चलनी, पूजन सामग्री, फल और मिठाइयों की दुकानों पर पैर रखने की जगह नहीं थी। मेंहदी लगवाने के लिए ब्यूटी पार्लरों और चौक-चौराहों पर देर रात तक महिलाओं की कतारें लगी रहीं।
स्टेशन रोड से कचहरी तक लगा महाजाम
बाजारों में भीड़ का सीधा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ा। स्टेशन रोड से लेकर तातारपुर, लोहिया पुल, खलीफाबाग चौक, खरमनचक, घंटाघर से कचहरी चौक और वेरायटी चौक तक पूरा शहर भीषण जाम के भंवर में फंसा रहा। पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता निकालना दूभर हो गया।
खरीदारी के दबाव के बीच सड़कों पर जहां-तहां खड़े दोपहिया व चारपहिया वाहन, बेतरतीब पार्किंग और बीच सड़क पर सवारी चढ़ाने-उतारने वाले ऑटो व ई-रिक्शा (टोटो) चालकों की मनमानी ने जाम को और विकराल बना दिया। जाम में घंटों फंसे राहगीरों, एंबुलेंस और आम नागरिकों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी।
