जल जीवन हरियाली योजना : भागलपुर नगर निगम के खुद के तालाब का नहीं हुआ जीर्णोद्धार
जल जीवन हरियाली योजना भागलपुर में नगर निगम खुद अपने तालाब का सुंदरीकरण नहीं कर सका। तालाब को चारों ओर से अतिक्रमण कर लिया गया है।
भागलपुर, जेएनएन। शहर में जल जीवन हरियाली योजना से नगर निगम ने एक भी तालाबों का जीर्णोद्धार नहीं कराया। कंपनीबाग में नगर निगम के खुद के तालाब जीर्णोद्धार का इंतजार रही है। दो वर्षो से निविदा के बाद तालाब का सौंदर्यीकरण नहीं हुआ। तालाब का एक चौथाई हिस्सा अतिक्रमण की जद है। इसे हटाए बिना ही निगम ने 16.5 लाख की लागत से तालाब के कार्य की निविदा निकाल दी। वहीं अतिक्रमण की वजह से एक वर्ष से जीर्णोद्धार का कार्य संवेदक ने बंद कर रखा है।
बहरहाल, तालाब के चारों ओर दो दर्जन से अधिक लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। यहां से अतिक्रमण हटाने की सिर्फ कागजी कवायद चल रही है। जगदीशपुर सीओ को अतिक्रमण हटाने के लिए निगम ने बार पत्र भेजा है। बावजूद इस दिशा में सकारात्मक पहल के बजाय कोताही बरती जा रही है।
पहले नोटिस भेजा अब झाड़ रहे पल्ला
बरारी फेरी रोड़ में 6000 हेक्टेयर के क्षेत्रफल में तालाब फैला हुआ है। नगर निगम ने अमीन से मापी कराने के बाद 16 अतिक्रमण कारियों को चिह्नित कर नोटिस भेजा। यहां लोगों ने अपने नाम से जमाबंदी भी करवा लिया है। निगम प्रशासन ने जगदीशपुर सीओ को सूची सौंप बताया है कि तालाब की भूमि सर्वे खाता में बिहार सरकार के नाम से दर्ज है। इसकी जमाबंदी रद कर अपर समाहर्ता को प्रस्ताव भेजने का प्रस्ताव जाए। सीओ को पत्राचार के एक वर्ष भी फाइलों को ठंडे बस्ते में रख दिया गया है।
शहर में भर दिए गए तालाब
सिकंदरपुर के बरबिग्घी व लाल तालाब, हनुमान नगर, बागबाड़ी में दो पोखरों को भरकर वहां वहां आवासीय कॉलोनी बना दी गई। वारसलीगंज में निजी पोखर भी विलुप्त हो गया। शिवपुरी कॉलोनी गोलाघाट में गढैय़ा पोखर को भरकर वहां आवासीय कॉलोनी बस गई। प्रशासन नहीं चेता तो वहां भी आवासीय कॉलोनियों में तब्दील होने में देर नहीं लगेगी।
इन तालाबों का यह है क्षेत्रफल
नाम : वार्ड : क्षेत्रफल वर्ग मीटर में
-कंपनीबाग : 13 : 4420
-भैरवा तालाब : 11 : 83250
-धोबिया काली मंदिर परबत्ती : 12 : 32625
-केंद्रीय पुस्तकालय विश्वविद्यालय परिसर : 17 : 2250
-बोटनी विभाग : 11 : 2000
-लालबाग प्रोफेसर कॉलोनी : 17 : 5525
-सैंडिस कंपाउंड तालाब एक: 23 : 540
-सैंडिस कंपाउंड तालाब दो : 23 : 8000
-जीव विज्ञान विभाग के पीछे : 11 : 1200
-टीएनबी कॉलेज परिसर : 11 : 1575
-वनस्पति विभाग के पीछे एक : 11 : 1150
-वनस्पति विभाग के पीछे दो : 11 : 750
-बरारी फेरी रोड़ : 29 : 6000 हेक्टेयर
जगदीशपुर सीओ को अतिक्रमण हटाने के लिए पत्र लिखा गया है। तालाब का पानी कम होने के बाद कार्य शुरू होगा। - सत्येंद्र वर्मा, उपनगर आयुक्त