विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में गंगा किनारे बढ़ रही भीड़, IWAI के जहाज को तत्काल मुक्त करने का निर्देश; फेरी सेवा के लिए होगा उपयोग

Published: Mon, 05 Oct 2026 02:22 PM (IST)

Vikramshila Setu बंद होने और यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण भागलपुर-नवगछिया के बीच फेरी सेवा को मजबूत किया जाएगा।

एआई जनरेटेड फोटो

एआई जनरेटेड फोटो

HighLights

  1. जिलाधिकारी ने IWAI जहाज को फेरी सेवा में लगाने का निर्देश दिया।

  2. विक्रमशिला सेतु बंद, यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण लिया गया निर्णय।

  3. गंगा जलस्तर बढ़ने पर फेरी मार्ग की निगरानी और सुरक्षा के निर्देश।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने और गंगा का जलस्तर बढ़ने के बीच भागलपुर-नवगछिया के बीच फेरी सेवा को मजबूत किया जाएगा।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी अलंकृता पांडये ने भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आइडब्ल्यूएआई) के जहाज को तत्काल मुक्त कर फेरी सेवा में लगाने का निर्देश दिया है।

जल संसाधन विभाग से इसकी सहमति मिल चुकी है। जहाज के शामिल होने से फेरी सेवा की क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को जलमार्ग से आवागमन में सुविधा होगी।

जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, भागलपुर और नवगछिया के कार्यपालक अभियंताओं को भेजे पत्र में कहा है कि 30 सितंबर की मध्य रात्रि से विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद एक अक्टूबर से बीआइएडीए फेरी घाट से भागलपुर-नवगछिया के बीच क्रूज का परिचालन शुरू कराया गया है।

इस व्यवस्था में आइडब्ल्यूएआई के जहाज का भी उपयोग किया जा रहा था, लेकिन वर्तमान में नियंत्रण में रहने के कारण वह परिचालन में नहीं है।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जहाज को मुक्त करने का निर्णय लिया गया है। जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार, पटना के सचिव से जहाज मुक्त करने की अनुमति मिल चुकी है। इससे फेरी सेवा में नावों की संख्या बढ़ेगी और भागलपुर-नवगछिया के बीच आवागमन सुगम होगा।

फेरी मार्ग पर रहेगी नजर

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी ने फेरी संचालन में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। संभावित जोखिम वाले स्थलों और परिचालन मार्ग की लगातार निगरानी व नियमित निरीक्षण के साथ पर्याप्त मानवबल, मशीनरी और अन्य संसाधन उपलब्ध रखने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बाढ़ नियंत्रण कार्यों या संसाधनों के उपयोग से फेरी सेवा बाधित नहीं होनी चाहिए। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिचालन सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- भागलपुरवासियों के लिए राहत की सुबह! लाल निशान से नीचे पहुंची गंगा, कार्यपालक अभियंता ने दिए जलस्तर घटने के संकेत