विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आया, लोगों को मिली बड़ी राहत

Published: Mon, 05 Oct 2026 09:53 AM (IST)

Bhagalpur Ganga Water Level: भागलपुर में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान (33.68 मीटर) से नीचे आ गया है, ...और पढ़ें

Bhagalpur Ganga Water Level: भागलपुर गंगा में जहाज का पर‍िचालन।

Bhagalpur Ganga Water Level: भागलपुर गंगा में जहाज का पर‍िचालन।

HighLights

  1. गंगा का जलस्तर खतरे के निशान 33.68 मीटर से नीचे आया।

  2. सोमवार सुबह 33.66 मीटर दर्ज, 24 घंटे में 4 सेंटीमीटर गिरावट।

  3. तटवर्ती बस्तियों और निचले इलाकों के हजारों लोगों को मिली राहत।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Ganga Water Level: लगातार बढ़ते जलस्तर और उफान के बाद अब भागलपुर में गंगा नदी ने राहत की राह पकड़ ली है। रविवार को दिन भर 33.70 मीटर पर स्थिर रहने के बाद सोमवार सुबह नदी का जलस्तर घटकर 33.66 मीटर पर पहुंच गया। इसके साथ ही गंगा का जलस्तर भागलपुर में 33.68 मीटर के खतरे के निशान से दो सेंटीमीटर नीचे आ गया है। नदी में पानी घटने का सिलसिला शुरू होने से तटवर्ती बस्तियों और निचले इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है।

आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह छह बजे गंगा का जलस्तर 33.70 मीटर दर्ज किया गया था और शाम छह बजे तक नदी इसी स्तर पर स्थिर बनी रही। इसके बाद रात से पानी उतरने की शुरुआत हुई। सोमवार सुबह छह बजे तक 24 घंटे के दौरान कुल चार सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर सबसे महत्वपूर्ण व सकारात्मक संकेत यह है कि नदी लाल निशान के नीचे आ चुकी है और घटाव का ट्रेंड लगातार बना हुआ है।

खतरे के निशान से नीचे आई नदी, दबाव होगा कम

भागलपुर में गंगा के लिए खतरे का मानक 33.68 मीटर निर्धारित है। सोमवार सुबह जलस्तर 33.66 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो खतरे के निशान से ठीक दो सेंटीमीटर नीचे है। पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण जिले के दियारा, दियारा से सटे शहरी घाटों और ग्रामीण तटवर्ती इलाकों में कटाव व बाढ़ का जो भीषण दबाव बना हुआ था, अब उसमें कमी आने की पूरी उम्मीद है।

भागलपुर में गंगा जलस्तर: आंकड़े एक नजर में

  • खतरे का निशान (Danger Level): 33.68 मीटर

  • रविवार का अधिकतम स्तर: 33.70 मीटर (दिन भर स्थिर रहा)

  • सोमवार सुबह 06:00 बजे का स्तर: 33.66 मीटर

  • कुल गिरावट: 4 सेंटीमीटर (खतरे के निशान से 2 सेमी नीचे)

  • वर्तमान स्थिति: जलस्तर में लगातार गिरावट का ट्रेंड जारी

हालांकि, जानकारों का कहना है कि जलस्तर में कमी का असर निचले इलाकों से पानी निकलने के रूप में धीरे-धीरे दिखेगा, क्योंकि नदी अभी भी अपने सामान्य औसत से काफी ऊंचे स्तर पर बह रही है।

स्थिर रहने के बाद नीचे की ओर रुख, विभाग रख रहा नजर

रविवार शाम से ही गंगा के मिजाज में यह बदलाव देखने को मिलने लगा था। जल संसाधन विभाग अंतर्गत बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, भागलपुर के कार्यपालक अभियंता आदित्य प्रकाश ने पूर्व में ही नदी के स्थिर होने के बाद जलस्तर में क्रमिक कमी आने की संभावना जताई थी। सोमवार सुबह के ताजा आंकड़े उसी दिशा में आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।

अभियंताओं के अनुसार, अब नजर इस बात पर है कि अगले 24 से 48 घंटों में जलस्तर कितनी तेजी से नीचे की ओर खिसकता है। यदि घटने का यह सिलसिला इसी गति से जारी रहा, तो बाढ़ प्रभावित पंचायतों और शरणार्थी शिविरों में रह रहे लोगों को जल्द अपने घरों की ओर लौटने में मदद मिलेगी। फिलहाल गंगा का यह घटता जलस्तर भागलपुरवासियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर लेकर आया है।

यह भी पढ़ें- भागलपुर बियाडा गंगा घाट पर जलयान बने लाइफलाइन! प्रसव पीड़ा से कराहती महिला को मिली एंबुलेंस, पशुओं को भी म‍िला भोजन