अस्पताल के इंडोर में भर्ती होंगे मरीज
भागलपुर। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) के इंडोर मेडिसीन विभाग में
भागलपुर। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) के इंडोर मेडिसीन विभाग में अब मरीजों को भर्ती किया जाएगा। अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में यह व्यवस्था फिर से प्रारंभ हो जाएगी। वैसे अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजों की संख्या अब घटकर 10 रह गई है।
जेएलएनएमसीएच में कोरोना मरीजों का इलाज करने का निर्णय सरकार ने लिया था। अप्रैल से अस्पताल की इमरजेंसी, आउटडोर को भी बंद कर दिया गया था। इंडोर मेडिसीन विभाग में भर्ती मरीजों को ही तीन दिनों के भीतर अन्य अस्पताल रेफर कर विभाग को खाली किया गया। शुरुआती दौर में प्रतिदिन तीन से पांच कोरोना मरीजों के भर्ती किया जाने लगा। वैसे भी लॉकडाउन की वजह से जुलाई तक मरीजों की संख्या भी कम रही। लॉकडाउन में ढिलाई देने से अगस्त और सितंबर में धीरे-धीरे मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी होने लगी। इमरजेंसी में मरीजों की संख्या बढ़ने की वजह से फर्श पर मरीजों को रखा जाने लगा। कोरोना मरीजों की संख्या कम होने से इंडोर मेडिसीन विभाग खोलने का निर्णय लिया गया है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक भगत ने कहा कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में मेडिसीन इंडोर विभाग को खोल दिया जाएगा। इससे पूर्व तीन दिनों तक विभाग को सैनिटाइज किया जाएगा।