जमीन विवाद में नाथनगर के राघोपुर में युवक की हत्या, दो आरोपित गिरफ्तार
नाथनगर के राघोपुर में सोमवार की देर रात बुचु यादव की हत्या अपराधियों ने चाकू से गोद-गोद कर कर दी है। हत्या का कारण जमीन विवाद हैं। पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है।
भागलपुर (जेएनएन)। मधुसूदनपुर के राघोपुर गांव में ढाई कट्ठा के जमीन विवाद में सोमवार की रात चचेरे भाइयों ने बुचो यादव (20) की गला रेतकर हत्या कर दी। बुचो को बचाने आए उसके भाई राकेश यादव को भी उन लोगों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। मामले में मधुसूदनपुर चौकी प्रभारी नसीम खान ने छापेमारी कर दो आरोपितों बौधु यादव और फुच्चो यादव को गिरफ्तार कर लिया। इस बात की जानकारी एसएसपी आशीष भारती ने आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
ढाई कट्ठा जमीन का चल रहा विवाद
बुचो यादव के पिता संतलाल यादव ने मधुसूदनपुर पुलिस चौकी में छह लोगों को आरोपित करते हुए हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने इस मामले में बौधु यादव, लग्गा यादव उर्फ नागेश्वर यादव, मनोरमा देवी, बुग्गी कुमारी उर्फ गुडिय़ा, फुच्चो यादव और अंगद यादव को आरोपित बनाया है। संतलाल के मुताबिक उसका फुच्चो यादव के परिवार से कई वर्षोंं से जमीन का विवाद चल रहा है। आरोपित पक्ष उन लोगों के ढाई क_ा जमीन पर अपना दावा कर रहा था। इस कारण वे लोग अक्सर विवाद करते थे। 20 दिन पहले भी उक्त आरोपितों ने घर में घुसकर बेटे को जान से मारने की धमकी देकर गए थे।
सोते समय किया हमला
संतलाल ने कहा कि वे लोग रात में सोए हुए थे। उसका बेटा बुचो और राकेश एक ही मच्छरदानी में सोया हुआ था। अचानक आरोपितों ने उहमला कर दिया। बुचो पर तीन वार किए। उसके गिरते ही सभी आरोपित वहां से भाग निकले। अस्पताल ले जाने के क्रम में बुचो की मौत हो गई।
दोनों आरोपितों को किया गया ससुराल से गिरफ्तार
बुचो की हत्या करने के बाद बौधु यादव और फुच्चो यादव के ससुराल में छिपे होने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने एक को पीपरपांती और दूसरे को सरदारपुर से गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं इस मामले में स्थानीय लोगों ने किसी चोरी के विवाद की बात बताई है। एसएसपी ने कहा कि पुलिस हर बिंदु पर जांच करेगी।