BhagalpurLokSabhaNews : पहले किया मतदान फिर नवजात को कराया दूधपान
नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के रतीपुर बैरिया गांव के बूथ संख्या 77 पर किरण देवी भी अपने पांच महीने के नवजात के साथ वोट देने पहुंची थी।
भागलपुर [रजनीश/जितेन्द्र]। लोकसभा चुनाव के मतदान को लेकर गुरुवार को जहां युवाओं व बुजुर्गो में उत्साह देखा गया, वहीं, महिलाएं चूल्हा-चौका छोड़कर वोट डालने के लिए बूथों पर पहुंची। नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के रतीपुर बैरिया गांव के बूथ संख्या 77 पर किरण देवी भी अपने पांच महीने के नवजात के साथ वोट देने पहुंची थी।
किरण देवी सुबह 7.30 बजे ही वोट देने के लिए लाइन में खड़ी हो गई। एक स्कूल में तीन बूथ होने के कारण भीड़ ज्यादा थी। वोट गिराने के लिए किरण की बारी आने में समय था। इस बीच गोद में बच्चा भूख से रोने लगा। किरण बच्चे को चूप कराती रही। पर, बच्चे का रोना बंद नहीं हो रहा था। लाइन में आगे खड़ी महिला किरण को पहले वोट करने कहा। इसके बाद किरण ने बेटे को लेकर मतदान किया। फिर मुन्ना को दूधपान कराने के लिए घर की तरफ गई। किरण ने बताया कि वोट देने के लिए रोज महिलाएं जागरूक कर रही थी। इस कारण वोट देना जरूरी था। घर के सभी सदस्य वोट देने साथ आए थे।
इस कारण मुन्ना को भी लेकर आना पड़ा। गोसाईदासपुर गांव में भी सुबह से ही लोग वोट गिराने के लिए लाइन में खड़े रहे। माध्यमिक स्कूल में बनाए गए दोनों बूथों पर युवाओं व बुजुर्गो की भीड़ वोट डालने के लिए जुट रही थी, ऐसे में महिलाएं क्यों पीछे रहें। युवतियों के साथ उनकी भाभी, चाची व वृद्धाएं भी चूल्हा चौका छोड़कर बूथों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंची थी। महिलाओं में मतदान करने के लिए खासा उत्साह देखा जा रहा था।