नवगछिया में अवैध देसी हथियार और कारतूस बरामद, एक अपराधी भी धराया
भागलपुर के नवगछिया इलाके में भारी मात्रा में अवैध देसी हथियार बरामद किया है। पुलिस ने एक अपराधी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की भी योजना बना रहे थे।
भागलपुर, जेएनएन। नवगछिया पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब उसने कुछ हथियार और कारतूस को बरामद कर लिया। पुलिस ने एक अपराधी को पकड़ लिया है। अपराधी से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह किसी बड़ी आपराघिक घटनाओं को अंजाम देने की नीयत से जमा हुए थे। पुलिस ने सामने अपराधी ने कई राज उगले हैं।
जानकारी के अनुसार, नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के छोटी परबत्ता गांव में शुक्रवार की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर इस्माइलपुर थानाध्यक्ष मणि पासवान के नेतृत्व में की गई छापेमारी में तीन अवैध देसी हथियार और गोली के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आपसी विवाद को लेकर के गिरफ्तार अभियुक्त छोटू कुमार आए दिन लोगों को धमकी देता था। वह आज भी हथियार का भय दिखाकर लोगों को धमकी दे रहा था। तभी पुलिस को इसकी सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। पुलिस ने हथियार बरामद करने में भी सफलता मिली है। गिरफ्तार अभियुक्त के घर से एक देसी मास्केट, दो देसी कट्टा, एक खोखा एवं तीन जिंदा कारतूस मिला है।
जानकारी के अनुसार उसके चाचा खोखा कापड़ी से उसका विवाद पिछले कई वर्षों से चल रहा है। जिसको लेकर के दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी कारण विवाद होते रहता है। इसी विवाद को लेकर के गिरफ्तार अभियुक्त छोटू कुमार के भाई विभूति कुमार के 18 वर्षीय पुत्र की हत्या खोखा कापरी व सहयोगियों ने कर दी थी। इस घटना के बाद खोखा कापरी सहित अन्य आरोपितों को इस्माइलपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। लेकिन इसके बाद भी दोनों के बीच विवाद चलता रहा है। इसी को देखते हुए शुक्रवार को किसी बात को लेकर दोनों के स्वजनों के बीच विवाद हुआ। खोखा कापड़ी के रिश्तेदारों ने इस्माइलपुर पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद छोटू कुमार को हथियार व गोली कि जखीरा के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ से पता चला कि वह किसी बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के फिराक में था।