दवा के बदले पति ने पत्नी को दे दिया जहर, चार माह पहले हुई थी शादी Jamui News
चार माह पूर्व दोनों की शादी हुई थी। पति ने दवाई देने के बदले अपनी पत्नी को जहर दे दिया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
जमुई [जेएनएन]। चार माह पूर्व दोनों की शादी हुई। किसे पता था कि यह शादी दहेज हत्या के रूप में बदल जाएगी। महिला के परिजन का आरोप है कि उसका पति अक्सर उसे मायके से मोटरसाइकिल लाने के कहता था। मोटरसाइकिल नहीं दे पाने के कारण ही उसकी हत्या जानबूझकर की गई है।
घटना शहर के गुटगुटिया पैलेस में घटी। नवविवाहिता माणिक बथान गांव की रहने वाली है। उसका सुसराल लक्ष्मीपुर प्रखंड के मगही गांव में है। पिता ने स्थानीय थाना में मामला दर्ज कराया है।
बताया जाता है कि माणिक बथान गांव के नागेश्वर यादव का 19 वर्षीय पुत्री कौशल्या देवी की शादी विगत चार महीने पहले मगही गांव के हेमन यादव के पुत्र विजय यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद पति समेत पूरा परिवार नवविवाहिता के साथ मारपीट करता रहा। उससे दहेज के रूप में एक मोटरसाइकिल की मांग की। मायके वालों ने मोटरसाइकिल कुछ दिन के बाद दे देने की बात स्वीकार कर ली।
कौशल्या देवी अपने पति के साथ शहर के गुटगुटिया पैलेस में रह रही थी। दो दिन पहले कौशल्या देवी अपने पति को बिना बताए सहेली के साथ देवघर चल गई थी। उसी बात को लेकर पति ने कौशल्या देवी के साथ मारपीट किया। एक दवा खाने को दिया। दवा खाते ही विवाहिता की हालत बिगड़ने लगी। पत्नी की हालत बिगड़ते ही पति फरार हो गया। पड़ोसियों ने महिला की बिगड़ती स्थिति को देख झाझा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जमुई रेफर कर दिया गया। जमुई जाने के दौरान महिला की मौत हो गई।