काली प्रतिमा विसर्जन की होगी हाईटेक व्यवस्था, जानिए... नगर निगम की योजना
इस बार काली प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं को हाईटेक सुविधा मिलेगी। घाट पर रोशनी के लिए आठ टावर बनाए गए है। सीसीटीवी से विसर्जन की निगरानी होगी। साफ सुथरा घाट मिलेगा।
भागलपुर (जेएनएन)। शहर के मुसहरी घाट पर देवी काली की प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर निगम तैयारी में जुट गया है। जेसीबी से दलदल हटाया जा रहा है। पक्की घाट पर गाद को हटाने के लिए 35 मजदूरों को लगाया गया है। यहां जानलेवा बन चुकी सीढ़ी घाट को मिट्टी से भरा जा रहा है। गत माह अगस्त में विषहरी प्रतिमा विसर्जन के क्रम में दो बच्चों के डूबने से सीढ़ी घाट पर मौत हो गई थी।
मंगलवार को नगर निगम के योजना शाखा प्रभारी आदित्य जायसवाल, महेश साह और पार्षद मु. उमर चांद के नेतृत्व में करीब दो सौ ट्रैक्टर मिट्टी भराई की गई। बुधवार को घाट समतल कर दिया जाएगा। इसके बाद छह लाख की लागत से घाट का पक्कीकरण किया जाएगा। इसके लिए निविदा निकाली गई है। वहीं महिलाओं को कपड़ा बदलने के लिए स्थाई चेंजिंग कक्ष का निर्माण होगा। दो लाख की लागत वाले चेंजिंग कक्ष की योजना निविदा की की प्रकिया में है। विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं को हाईटेक सुविधा मिलेगी। इसके लिए घाट पर रोशनी के लिए आठ टावर बनाए गए है।
सीसीटीवी कैमरे से विसर्जन की निगरानी होगी। प्रतिमा जब विसर्जन घाट पर पहुंचेगी तो श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा घाट मिलेगा। आदित्य जायसवाल ने बताया कि मुसहरी घाट पर दलदल को पाटने के लिए छह ट्रैक्टर से मिट्टी गिराने का कार्य जारी है। नदी के तट पर बैरिकेडिंग की गई है। लाल कपड़े के सहारे खतरे का निशान लगाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को गहराई में जाने से रोका जा सके। घाट पर एसडीआरएफ की टीम व गोताखोर की तैनाती की गई है। शांति समिति का सदस्य, पूजा समिति व समाजसेवी और प्रशासन की सुविधा के लिए पंडाल बनाया गया है। गुरुवार की सुबह पक्की घाट की सफाई पानी डालकर की जाएगी। विसर्जन घाट के संपर्क मार्ग पर चूना व ब्लीचिंग का छिड़काव कराया जाएगा। वहीं विसर्जन मार्ग के गड्ढे को भरा जा रहा है।