नजरें मिली, दिल धड़का पर नहीं हो रही थी मांग भरने की हिम्मत, दुर्गा पूजा में भागलपुर पुलिस ने कुछ यूं कराई शादी
Unique Love Marriage भागलपुर में दुर्गा पूजा के दौरान पुलिस सहयोग से संपन्न एक अंतरजातीय विवाह चर्चा में है। प्रेमी-प्रेमिका समाज व परिवार के भय से रिश्ते को अंजाम तक पहुंचाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। अंतत समाज की पहल पर पुलिस ने उनकी शादी करा दी।
भागलपुर, जागरण संवाददाता। Unique Love Marriage: 'नजरें मिलीं, दिल धड़का, लवयू...' गीत गाने वाले इस प्रेमी युगल को अपनी इस युगलबंदी को परिणय सूत्र में बदल डालने की तमन्ना जरूर थी, पर साहस जुटा नहीं पा रहे थे। मन में सामाजिक व जातिगत बंधन और बुरे परिणाम का भय उन्हें रोक रहा था। हालांकि, उनकी प्रेम कहानी के चर्चे लोगों की जुबां पर थे। फिर, समाज के ही कुछ प्रभावशाली लोगों ने पहल की और भागलपुर के लोदीपुर पुलिस के संज्ञान में मामला लाया। अंतत: पुलिस के सहयोग से दोनों के प्यार को दुर्गापूजा में अंजाम तक पहुंचाया गया।
यह कल्पना और रोहित की प्रेम कहानी
यह कहानी कल्पना और रोहित की है। भागलपुर के लोदीपुर थानाक्षेत्र की रहने वाली कल्पना बांका जिले के अमरपुर निवासी रोहित कुमार को दिल दे बैठी थी। रोहित की रिश्तेदारी कल्पना के गांव में ही थी। वहीं मुलाकात हुई और दोनों एक-दूसरे के करीब आए। धीरे-धीरे प्यार परवान चढ़ा, लेकिन दोनों एक जाति के नहीं थे।
नहीं का अंतरजातीय विवाह का साहस
रोहित कल्पना से अंतरजातीय विवाह का साहस नहीं कर पा रहा था। वह लड़की की मांग में सिंदूर भरने को तैयार ही नहीं हो रहा था। दोनों के स्वजन इसे प्रेम संबंध को मुकाम तक पहुंचाने के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। कल्पना और रोहित भी काफी भयभीत थे।
सामाजिक पहल पर प्रेम को मुकाम
लेकिन समाज की पहल पर इस अंतरजातीय प्रेम संबंध को मुकाम मिला। लोदीपुर पुलिस और रविन्द्र सिंह पप्पू, विलास ठाकुर, निरंजन राय, उदय सिंह,सदानन्द सिंह आदि समाज के प्रबुद्धजनों ने दोनों पक्ष से बात की। तिलकामांझी पुलिस ने वर और वधु पक्ष के लोगों को थाने बुलाकर न केवल आपसी रजामंदी कराई, बल्कि वर और वधु की थाना परिसर में ही शादी करा दी। तिलकामांझी पुलिस पंडित को बुलवाया तथा शादी में लगने वाली पूजन आदि की बाजार से मंगवाई। तिलकामांझी के थाना प्रभारी थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह की अगुवाई में दोनों के प्यार को दुर्गापूजा में वैवाहिक रिश्ते में बदल दिया गया।