स्वस्थ गाय सर्वश्रेष्ठ गाय प्रतियोगिता से पशुपालक हुए प्रोत्साहित, आज भी हैं कई कार्यक्रम, जानिए Bhagalpur News
गोशाला के महामंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए थी। निर्णायक मंडल ने सर्वश्रेष्ठ तीन गायों का चयन कर लिया है।
भागलपुर [जेएनएन]। गोशाला में स्वस्थ गाय सर्वश्रेष्ठ गाय प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें 20 पशुपालकों ने गायों के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में तीन सबसे अच्छी गायों के चयन के लिए तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया था। इसमें पशु चिकित्सक डॉ. जेके झा, डॉ. राम किंकर, एवं गौशाला समिति के सदस्य लक्ष्मी नारायण डोकानिया शामिल थे।
गोशाला के महामंत्री सत्यनारायण पोद्दार ने कहा कि प्रतियोगिता पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए थी। निर्णायक मंडल ने सर्वश्रेष्ठ तीन गायों का चयन कर लिया है। उनके नामों की घोषणा सोमवार को की जाएगी और उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में गाय माता के समान होती है। इनमें सभी देवी देवताओं का वास होता है।
इसके उपरांत प्रतिभा आपकी प्रोत्साहन हमारा कार्यक्रम आयोजित हुई। जिसमें दो दर्जन युवक व युवतियों ने अपनी मेधा का विभिन्न विधाओं में प्रदर्शन किया। उक्त प्रतिभागियों में निर्णायक मंडल ने जिसे बेहतर चुना है उसको सोमवार को भी कार्यक्रम में भाग लेने का मौका दिया जाएगा।
गौशाला में आज का कार्यक्रम
1. सुबह नौ बजे : गौ पूजन एवं हवन
2. अपराह्न दो बजे : युवक-युवतियों का सांस्कृतिक कार्यक्रम
3. संध्या चार बजे : सांस्कृतिक कार्यक्रम
4. संध्या पांच बजे : मेला का उदघाटन
5. संध्या छह बजे : भजन संध्या नित्य प्रज्ञा जी द्वारा
केंद्रीय मंत्री आज करेंगे गोपाष्टमी मेले का उद्घाटन
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे सोमवार को भागलपुर में गोपाष्टमी मेले का उद्घाटन करेंगे। भाजपा नेता देव कुमार पांडेय ने बताया कि वे विष्णु यज्ञ में भी भाग लेंगे। वहीं, प्रख्यात भजन गायक नित्य प्रज्ञा सोमवार की शाम साढ़े पांच बजे गोशाला के प्रांगण में आयोजित भजन संध्या में प्रस्तुति देंगे। नित्य प्रज्ञा आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े हैं। गणेश सुल्तानिया ने बताया कि वह विदेशों में भी प्रस्तुतियां दे चुके हैं।