आधे घंटे की बारिश से जलमग्न हुआ शहर, ड्रेनेज सिस्टम की खुली पोल
भोलानाथ अंडरपास तालाब में तब्दील थम गई शहर की रफ्तार शहर की यातायात व्यवस्था हो गई ध्वस्त वाहनों की लग गई कतार!
भागलपुर, जेएनएन। शहर में बुधवार की दोपहर हुई बारिश ने नगर निगम के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोलकर रख दी। करीब आधे घंटे हुई झमाझम बारिश से सड़कें जलमग्न हो गर्ईं। अधिकांश सड़कों पर जलजमाव के कारण आना-जाना दूभर हो गया।
दक्षिणी क्षेत्र को जोडऩे वाले भोलानाथ अंडरपास बारिश के कारण तालाब में तब्दील हो गया। दो दिन पहले भी भोलानाथ अंडरपास में पानी भर गया था, जिससे परेशान होकर धरना दिया गया था। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया। वहीं जलजमाव के कारण यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। पैदल आने-जाने वाले लोगों और दोपाहिया चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात यह है कि मिरजानहाट, सिंकदरपुर, शिवपुरी कॉलोनी, नयाचक, मोहद्दीनगर, मानिकपुर, कुतुबगंज व लालूचक समेत दर्जनों इलाकों की तकरीबन एक लाख की आबादी को बारिश के बाद घरों में दुबके रहने को मजबूर होना पड़ा।
सैंडिस कंपाउंड के सामने एनएच 80 समेत शहर के विभिन्न मार्गों पर तेज धारा प्रवाहित होने लगी। लोग जलजमाव के बीच फंसे रहे। चार घंटे बाद भी जाम हटाने के लिए पुलिस नहीं पहुंची।
पुलिया जाम होने से बढ़ी परेशानी
सैंडिस कंपाउंड के समीप एनएच 80 की पुलिया में गाद भरी हुई है। उसकी उड़ाही नहीं होने से सैंडिस कंपाउंड के पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इससे इशाकचक थाना मार्ग व नवाबबाग कॉलोनी मार्ग पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई। वहां शाम को भीषण जाम लग गया।
कीचड़ से सनी लोहापट्टी की सड़क
भीखनपुर मार्ग पर नाले की सफाई नहीं होने के कारण जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। यही हाल लोहिया पुल के नीचे का है। वहां कूड़ा उठाव नहीं होने से लोहापट्टी मार्ग कीचड़ से सन गया है। फिसलन भरी सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा था।
यहां भी लोगों को हुई परेशानी
बारिश के समय आदमपुर चौक, घंटाघर चौक में एक फीट पानी लग गया। यह स्थिति देर रात तक बनी हुई थी। अलीगंज मिस्त्री टोला, हुसैनाबाद व आसानंदपुर मार्ग में जलजमाव ने राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी। नाथनगर के जैन मंदिर के पास नाला निर्माण को लेकर उद््घाटन होने के पांच दिनों के बाद भी कार्य शुरू नहीं हुआ। यहां बारिश के पानी से सड़क जलमग्न हो गई।