विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 18, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Crime: टहलने निकली जज की पत्नी के गले से छीन ली सोने की चेन, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

By Kaushal Kishore MishraEdited By: Jagran News Network
Published: Fri, 18 Aug 2023 09:14 AM (IST)

टहलने निकली व्यवहार न्यायालय के एडीजे-16 विश्वविभूति गुप्ता की पत्नी के गले से सोने की चेन छीन ली। घटना की ...और पढ़ें

चेन छीनने की सांकेतिक तस्वीर। फोटो- जागरण
चेन छीनने की सांकेतिक तस्वीर। फोटो- जागरण

HighLights

  1. इशाकचक थानाक्षेत्र के वी-टू माल के समीप बाइक सवार उच्चके ने दिया वारदात को दिया अंजाम
  2. महिला पकड़ो-पकड़ो का शोर मचाती रहीं, कोई मदद को नहीं आया आगे

जागरण संवाददाता, भागलपुर : बाइक सवार उचक्के ने गुरुवार की सुबह टहलने निकली व्यवहार न्यायालय के एडीजे-16 विश्वविभूति गुप्ता की पत्नी के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गया। बाइक पर पीछे बैठे उचक्के ने वारदात को अंजाम दिया।

अचानक घटी घटना से आहत महिला ने पकड़ो-पकड़ो का शोर मचाया लेकिन कोई मदद को आगे नहीं आया। घटना की जानकारी पर इशाकचक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अशोक कुमार मौके पर पहुंचे।

वे सीसीटीवी की फुटेज का अवलोकन कर बदमाशों की खोजबीन में जुट गए हैं। मामला हाइ-प्रोफाइल होने के कारण पूरा पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है।

इसी महीने चार अगस्त 2023 को उचक्कों ने मुंदीचक के जानकी प्रसाद लेन मोड़ पर दरभंगा के चिकित्सक संजय कुमार की पत्नी मंजू देवी के गले से सोने की चेन छीन ली थी। वारदात को बाइक सवार उचक्कों ने चार अगस्त की सुबह तब अंजाम दिया जब पति-पत्नी दरभंगा के कमतौल से भागलपुर आ रहे थे।

जयनगर एक्सप्रेस से भागलपुर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद रिक्शे से मुंदीचक आ रहे थे। जैसे ही रिक्शा एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के आगे वाली मोड़ पर पहुंचा पीछे से बाइक से आए दो बदमाशों में पीछे बैठे बदमाश ने गले से चेन छीन ली थी। पति-पत्नी ने शोर भी मचाया लेकिन तब भी कोई मदद को आगे नहीं आया था।

छह साल पूर्व भी एडीजे की पत्नी से उचक्कों ने छीन ली थी चेन

31 अगस्त 2018 की सुबह बरारी पुलिस शिविर खंजरपुर से सटे जजेज कालोनी में रहने वाले व्यवहार न्यायालय के तत्कालीन एडीजे सप्तम विनय कुमार मिश्रा की पत्नी से उचक्के ने चेन छीन ली थी। वारदात को बाइक सवार उचक्के ने तब अंजाम दिया था जब एडीजे की पत्नी और बहू टहलने के लिए सैंडिस कंपाउंड जा रही थीं।

तब बरारी पुलिस पहचान में आए एक उचक्के को गिरफ्तार नहीं कर रही थी। आरोपित को अक्सर थाने में देख लोगों ने उसकी शिकायत तत्कालीन एसएसपी और डीआईजी से की थी। उस मामले में बरारी पुलिस लंबे समय तक न्यायालय के आदेश का अनुपालन नहीं की थी।

चेन छिनतई की इन घटनाओं में पुलिस के खाली हैं हाथ

चार अगस्त 2023 को दरभंगा के चिकित्सक संजय कुमार की पत्नी मंजू देवी की चेन छिनतई।

15 अगस्त 2023 को भीखनपुर निवासी निर्मला देवी से सैंडिस के सामने चेन छिनतई।

19 सितंबर 2022 को पुलिस केंद्र में घुसकर बदमाशों ने जमादार अनिल कुमार सिंह की सोने की चेन छीन ली थी।

16 मई 2022 को डिप्टी मेयर राजेश वर्मा की बुआ चंदा देवी की सोने की चेन खरमनचक में बाइक सवार झपटमार ने छीन ली थी।

16 मई 2022 को ही बरारी पुरानी ड्योढ़ी रोड में रीना देवी से सोने की चेन छीन ली थी।

10 मई 2022 को सुरखीकल निवासी अर्चना सिन्हा से चेन छिनतई हुई थी।

10 मई 2022 को जोगसर में शगुफ्ता परवीन से चेन छिनतई हुई थी।

12 मई 2022 को रीता मेहता की चेन तिलकामांझी हटिया रोड में छीन ली गई थी।

17 अप्रैल को मारवाड़ी पाठशाला रोड में सरिता देवी से चेन छिनतई हुई थी।

26 मार्च 2022 को पटल बाबू रोड में हार्डवेयर व्यवसायी की पत्नी नम्रता पांडेय से चेन छिनतई हुई थी।

19 मई 2021 को बरारी थाना क्षेत्र में डाक्टर पम्मी राय से चेन छिनतई हुई थी।

11 अक्टूबर 2022 को बड़ी पोस्टआफिस के समीप प्रियंका सिंह से बदमाशों ने गहने उतरवा लिए थे।