Bihar Flood Update: भागलपुर में गंगा ने डेंजर लेवल को किया पार, शाम तक राहत की उम्मीद
भागलपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान 33.68 मीटर को पार कर 33.70 मीटर पर स्थिर हो गया है।

गंगा नदी की फाइल फोटो
HighLights
भागलपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर।
नदी का जलस्तर 33.70 मीटर पर स्थिर दर्ज किया गया।
लगातार बढ़ रहे जलस्तर पर अब विराम लगने के संकेत।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार करने के बाद अब स्थिर होने लगा है। रविवार सुबह छह बजे नदी का जलस्तर 33.70 मीटर दर्ज किया गया।
खतरे का निशान 33.68 मीटर है। यानी गंगा खतरे के निशान से दो सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। रियल-टाइम आंकड़े में जलस्तर का ट्रेंड स्थिर दर्ज किया गया है। इससे लगातार बढ़ रहे जलस्तर पर फिलहाल विराम के संकेत मिले हैं।
शनिवार शाम छह बजे भागलपुर में गंगा का जलस्तर 33.67 मीटर था। इसके बाद रात में नदी ने खतरे का निशान पार किया और रविवार सुबह 33.70 मीटर पर पहुंच गई। हालांकि अब जलस्तर की बढ़ोतरी थमती दिखाई दे रही है।
खतरे के पार पहुंचकर थमी गंगा की रफ्तार
गंगा का जलस्तर पिछले चार दिनों से लगातार बढ़ रहा था। शुक्रवार सुबह छह बजे 33.43 मीटर से बढ़कर शाम छह बजे 33.53 मीटर हुआ था।शनिवार को बढ़ोतरी की रफ्तार धीमी रही और शाम छह बजे जलस्तर 33.67 मीटर दर्ज किया गया।
रविवार सुबह जलस्तर 33.70 मीटर पहुंचने के बाद रियल-टाइम ट्रेंड स्थिर है। इससे संकेत मिल रहा है कि नदी के बढ़ाव पर विराम लगने लगा है। हालांकि नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है, इसलिए तटवर्ती और निचले इलाकों में निगरानी जरूरी बनी हुई है।
आज शाम से स्थिरता के संकेत, फिर घट सकता है पानी
जल संसाधन विभाग अंतर्गत बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, भागलपुर के कार्यपालक अभियंता आदित्य प्रकाश के अनुसार ऊपर गंगा के कई स्थानों पर जलस्तर स्थिर हो चुका है। इसका असर भागलपुर में भी दिखाई देने लगा है।
उनके अनुसार रविवार से भागलपुर में गंगा का जलस्तर स्थिर होने की संभावना है। इससे पहले जलस्तर में कुछ और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई थी।
अब रियल-टाइम आंकड़े में स्थिर ट्रेंड आने से जलस्तर में बढ़ोतरी पर विराम के संकेत मजबूत हुए हैं। इसके बाद नदी के धीरे-धीरे घटने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- Bihar Ganga Flood: खगड़िया में खतरे के निशान से 91 सेमी ऊपर गंगा, परबत्ता के कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
यह भी पढ़ें- फरक्का बराज विवाद क्या है? बिहार से बांग्लादेश तक गरमाया गंगा जल का मुद्दा
