Bihar : चार बार विधायक रहे मोहम्मद शकूर का निधन, राजनीतिक गलियारे में शोक
Bihar- कटिहार जिले की बरारी विधानसभा से तीन बार और प्राणपुर से एक बार जीत दर्ज कर विधायक रह चुके मोहम्मद शकूर का निधन हो गया। वे 82 वर्ष के थे। शकूर के निधन पर राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई।
जागरण टीम, कटिहार: कटिहार मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान सोमवार देर शाम पूर्व विधायक मु. शकूर का निधन हो गया, वे 82 वर्ष के थे। शकूर चार बार विधायक रहे। बरारी विधानसभा से तीन बार व प्राणपुर से एक बार विधायक रहे। पहली बार 1969 में प्राणपुर से विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। कांग्रेस और बाद में एनसीपी के टिकट पर भी चुनाव लड़ा।
राजनीतिक क्षेत्र में निर्विवाद छवि के नेता माने जाते थे। समाजसेवी व शिक्षाविद के रूप में भी उनकी पहचान थी। स्व. शकूर मूलरूप से बरारी प्रखंड के बंका गांव के रहने वाले थे। निधन पर पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, पूर्व सांसद सह कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव तारिक अनवर, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, पूर्व एमएलसी राजवंशी सिंह, पंकज तमखुवाला, शंकर सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रेम राय आदि ने गहरा दुख जताया है।
बता दें कि 2019 चुनाव में तारिक के करीबी रहे मोहम्मद शकूर ने एनसीपी की टिकट पर कटिहार लोकसभा सीट से हुंकार भरी। मोहम्मद शकूर ने एनसीपी प्रत्यासी के तौर पर अपना नामांकन भरा औऱ चुनावी मैदान में उतरे। शकूर ने अपने जीत का दावा करते हुए कहा था कि कटिहार हमेशा से ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का गढ़ रहा है। लेकिन वे चुनाव में फतह हासिल नहीं कर सके।
बता दें कि कांग्रेस से अलग होकर शरद पवार ने राष्ट्रवादी पार्टी बनाई थी, जिसमें कांग्रेस के कई नेताओं के साथ-साथ मोहम्मद शकूर भी पार्टी में शामिल हुए थे। एनसीपी की टिकट पर ही तारिक अनवर ने कटिहार लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।
उनके निधन की खबर सुन बड़ी संख्या में एनसीपी समर्थक उमड़ पड़े। इधर पार्थिव शरीर को अस्पताल से घर लाने की कवायद की जा रही है। शकूर के आवास पर कई गांवों के लोग पहुंच रहे हैं। वहीं, राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है। कटिहार की राजनीति के लिए शकूर का निधन एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।