नहीं रहे कदवा के पूर्व विधायक अब्दुल जलील
पूर्व विधायक अब्दुल जलील का निधन इलाज के दौरान हो गया।
कटिहार (जेएनएन)। कदवा के पूर्व विधायक अब्दुल जलील का स्थानीय एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें शहर के रेडयेंट हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया था। जलील कदवा विधानसभा से वर्ष 1990 में निर्दलीय एवं वर्ष 2005 में राकांपा के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए थे। विधानसभा भंग होने पर वे पुन: सन 2006 में राकांपा के टिकट पर विजयी हुए। उन्होंने अपना राजनीतिक जीवन आजमनगर पंचायत के मुखिया के रूप में शुरू किया था। शनिवार की सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली। निधन की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। निधन पर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री तारिक अनवर, विधायक शकील अहमद खान, तारकिशोर प्रसाद, एमएलसी अशोक अग्रवाल, पूर्व सांसद निखिल चौधरी, पूर्व राज्यमंत्री डा. रामप्रकाश महतो ने दुख जताया है। वे अपने पीछे तीन पुत्र सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। रविवार को उन्हें सिपुर्द ए खाक किया जाएगा। पूर्व विधायक मूल रूप से आजमनगर के रहने वाले थे।