गंगा चेतावनी लेवल से छह सेमी उपर पहुंची
कहलगाव में गंगा चेतावनी लेवल से 6 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया।
भागलपुर। कहलगाव में गंगा चेतावनी लेवल से 6 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गंगा का जलस्तर अभी 30 मीटर 15 सेंटीमीटर पर है। जलस्तर में तीन घंटे में एक सेंटीमीटर की वृद्धि हो रही है। गंगा का चेतावनी लेवल 30 मीटर 9 सेंटीमीटर है। चेतावनी लेवल से ऊपर जलस्तर होने के कारण बाढ़ की आशंका से क्षेत्र में दहशत फैल गई। हालांकि अभी जलस्तर खतरे के निशान से 94 सेंटीमीटर कम है। जिस प्रकार से जलस्तर मे वृद्धि हो रही है इससे लगता है कि जल्द ही यह खतरा का निशान 31 मीटर 9 सेंटीमीटर को पार कर जाएगी।
इसके अलावा घोघा, गेरुआ, भैना, कुआ नदी में भी उफान है। दियारा क्षेत्र और चौर इलाके में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है। चौर में जल का प्रवेश होने लगा। खेतों में लगी फसलें डूबने लगी है।
किसान परेशान, लोगों में दहशत
समय के पूर्व आई बाढ़ को देखते हुए किसान परेशान हैं। फसलों के डूब जाने से लोग चिंतित हो गए। दियारा के लोग ऊंचे स्थान पर जाने की तैयारी भी करने लगे हैं। प्रखंड में 21 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित होता है। राहत केन्द्र खोलने को कहा
अनुमंडल पदाधिकारी सुजय कुमार सिंह ने तीनों प्रखंडों के सीओ और बीडीओ के साथ बैठक की। सीओ को जरूरत अनुसार नाव, गोताखोर, पशुचारा, खाद्यान, पॉलिथिन सीट, दूध की व्यवस्था करके का निर्देश दिया है। राहत केंद्र भी तैयारी शुरू करने को भी कहा गया।