बिहार में बाढ़ का पानी बरपाने लगा कहर, खगड़िया में दो तो कटिहार में एक बच्चे की डूबकर मौत
बिहार में बाढ़ के पानी का कहर बरपना शुरू हो गया है। खगड़िया में दो तो कटिहार में एक बच्चे की मौत हो गई है। मामले के बाद से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जागरण संवाददाता, खगड़िया/कटिहार। बिहार में बाढ़ अब जोर पकड़ने लगी है। खगड़िया के कोसी-बागमती दियारा में शनिवार को बाढ़ के पानी में डूबने से एक किशोर समेत एक डेढ़ वर्षीय बालक की मौत हो गई। दोनों घटनाएं अलग-अलग जगहों पर घटी है। दोनों शवों को स्थानीय गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला गया।
चौथम प्रखंड के पुरानी हरदिया निवासी स्वराज यादव का 15 वर्षीय पुत्र विकास कुमार भैंस की पूंछ पकड़कर बाढ़ का पानी पार कर रहा था। इस दौरान भैंस की पूछ हाथ से छूट गई और विकास बाढ़ की तेज धारा में बह गया। ग्रामीण गोताखोरों ने विकास का शव पानी से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। स्वजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। चौथम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया है।
चौथम प्रखंड के रोहियार पंचायत की बंगलिया गांव स्थित शिवरौना बहियार में विभीषण सिंह का डेढ़ वर्षीय पुत्र सुधांशु कुमार कोसी की बाढ़ के पानी में डूबकर मर गया। बहियार में विभीषण सिंह का बथान है। बथान चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिरा हुआ है। सुधांशु खेलते- खेलते पानी में चले गया और डूब गया। स्वजनों ने सुधांशु का शव पानी से बाहर निकाला। स्वजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा है। घटना की पुष्टि रोहियार पैक्स अध्यक्ष साकेत कुमार उर्फ बबलू ने की है।
खेलने के दौरान तालाब में डूबने से चार वर्षीय बच्चे की मौत
संवाद सूत्र, सालमारी(कटिहार)। आजमनगर प्रखंड के पिंढाल पंचायत अंतर्गत पोठिया गांव में खेलने के क्रम में तालाब में डूबने से चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक गांव के झंटु साह का चार वर्षीय पुत्र गोविंद खेलने के दौरान घर के समीप स्थित तालाब में लुढ़ककर गिर गया। गहरे पानी में डूबने से बच्चे की मौत हो गई। खोजबीन के क्रम में तालाब से बच्चे का शव बरामद किया गया।
सूचना मिलते ही अंचल निरीक्षक शमीम अख्तर घटनास्थल पर पहुंचे। तेघड़ा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि टिंकू सिंह नें तत्काल पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से मृतक बच्चे के परिवार को मुआवजा देने की मांग की । पिंढाल पंचायत के पूर्व मुखिया सिद्दिक आलम ने भी मृत बच्चे के स्वजनों को सहायता राशि दी। घटना के बाद मृत बच्चे के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंचल निरीक्षक ने कहा कि अंत्यपरीक्षण के बाद प्रावधान के तहत मुआवजा राशि दी जाएगी।