सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर हुआ विवाद, बिजली काटा, फायरिंग की
जिले के नाथनगर इलाके में एक गांव में ग्रामीणों के आपस में उलझ जाने से फायरिंग की घटना हुई। इस घटना में एक लोग जख्मी हुए हैं।
भागलपुर, जेएनएन। जिले के एक गांव में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी की सूचना है। इस घटना में ग्रामीण आपस में भिड़ गए। जख्मी का इलाज जेएलएनएमसीएच में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, नाथनगर के मधुसूदनपुर इलाके के बेलखुरिया पंचायत के वार्ड संख्या एक गोलाहु गांव में हर घर नल जल योजना को लेकर विवाद हो गया। इस योजना में कुछ लोगों के घर में नल नहीं लगाए गए। इस कारण आपस में ग्रामीण ही उलझ गए। जिन लोगों के घर नल नहीं लगा उन्होंने विरोध कर दिया। ट्रांसफार्मर से बिजली काट दी। इसी के कारण दो पक्षों में विवाद हो गया। आधे दर्जन की संख्या में लोगों ने हवाई फायरिंग की। फायरिंग के दौरान एक लोग जख्मी हो गए। इसके बाद वहां भगदड़ मच गई। ग्रामीणों व स्वजनों ने जख्मी को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि तब तक पुलिस को सूचना नही दी गई थी। जख्मी का इलाज जेएलएनएमसीएच में चल रहा है। गांव में दहशत का माहौल है। कुछ लोगों ने बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में हर घर नल जल योजना के तहत नल लगाया जा रहा था। वार्ड एक में मात्र 25 से 30 घरों में ही नल लगाया गया। लगभग सौ घरों में नल नहीं लगाया गया। जिनके घरों मे नल नहीं लगा था, उनसबों ने एकत्रित होकर सोमवार की देर शाम जाकर ट्रांसफार्मर से बिजली काट दी। इससे दूसरे पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। आधा दर्जन से अधिक की संख्या में हरवे हथियार से लैस होकर लोगों ने ट्रांसफार्मर के पास पहुंचकर गोलीबारी शुरू कर दी। 20 राउंड से अधिक फायरिंग की गई। इसी दौरान संजय यादव को जांध में गोली लग गई।
मधुसूदनपुर ओपी इंचार्ज मिथलेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की पड़ताल की जा रही है। गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।