शराब पीने से मना करने पर पथराव और फायरिंग, कई हुए जख्मी, प्राथमिकी दर्ज
बिहार में शराबबंदी है। इसके बावजूद जिले में में शराब का धंधा जारी है। इस दौरान शराब पी रहे दो गुटों में मारपीट हो गया। दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है। कई लोग जख्मी है।
भागलपुर, जेएनएन। शराब पीने से मना करने पर कहलगांव के महेशामुंडा गांव में दो पक्षों में जमकर मारपीट, पथराव एवं फायरिंग की घटना हुई, जिसमें एक जख्मी और कई लोग चोटिल हो गए। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। दोनों पक्षों से मुकदमा दर्ज कराया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि मुंबई से गत दिनों गांव लौटे इंग्लिश टोला के पांच-छह प्रवासी शराब पीने विंदटोली गए थे। वहां लोगों ने शराब पीने से मना किया। इसको लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों टोले के लोग आमने-सामने हो गए। दोनों तरफ से मारपीट के बाद पथराव शुरू हो गया। चार-पांच फायरिंग की बात भी ग्रामीणों ने बताई। गोलियों की आवाज सुन महेशामुंडा गांव में दहशत कायम हो गया, बाकी लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। भोला महतो, जुलूस महतो और मुस्तफा के घरों को घेर लोगों ने खूब पथराव किया। पथराव में साजिद का सिर फट गया था। कई लोग चोटिल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर कहलगांव थानाध्यक्ष और एसडीपीओ रेशू कृष्णा पुलिस बलों के साथ पहुंचीं और मामला शांत कराया। ग्रामीण बताते हैं कि पुलिस की मौजूदगी में भी एक फायर हुआ। एसडीपीओ ने दोषियों को दंडित करने और गांव में शांति समिति की बैठक करने की बात कही। फिलहाल गांव में शांति है। ग्रामीणों का कहना था कि प्रशासन की लापरवाही के कारण दूसरे प्रदेशों से लौटे प्रवासी क्वारंटाइन सेंटर न जाकर सीधे अपने गांव चले जा रहे हैं। इससे गांव में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। विंद के लोगों ने इसके लिए भी प्रवासियों को अपने टोले में आने से मना किया था।
507 लीटर शराब किया गया नष्ट
नवगछिया पुलिस जिला में अबतक जब्त कुल 507 लीटर विदेशी शराब नष्ट किया गया। उत्पाद निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि नवगछिया थाना में 58 लीटर, गोपालपुर थाना में 135 लीटर, झंडापुर ओपी में 314 लीटर विदेशी शराब नष्ट किया गया। इस मौके पर नवगछिया थानाध्यक्ष राजकपुर कुशवाहा व अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।