सड़क किनारे वाहन खड़ा किया तो अब खैर नहीं, जानिए... आप पर क्या होगी कार्रवाई Bhagalpur News
सड़क किनारे वाहन खड़ा कर जाम लगाने वाले लोगों के विरुद्ध ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाया। दो पहिया व तीन पहिया वाहनों को जब्त कर जुर्माना वसूले गए। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
भागलपुर [जेएनएन]। अब सड़क किनारे वाहन खड़ा किया तो आपको भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। भागलपुर पुलिस ने इसकी सख्ती शुरू कर दी है। सड़क किनारे वाहन को खड़ा कर देने से जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। भागलपुर शहर में लगातार जाम रहने से लोग परेशान रहते हैं। जाम से मुक्ति के लिए प्रशासन ने ऐसे लोगों पर सख्ती करनी शुरू कर दी, जो सड़क किनारे वाहन को लगा देते हैं। कई घंटों तक दो पहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों के लगे रहने से यातायात व्यावस्था चरमरा जाती हैं।
सड़क किनारे वाहन खड़ा कर जाम लगाने वाले लोगों के विरुद्ध ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाया। एसएसपी आशीष भारती के निर्देश पर स्टेशन चौक से एमपी द्विवेदी रोड तक सड़क किनारे लगे दो पहिया व तीन पहिया वाहनों को जब्त कर करीब 25 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
कई को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। अभियान शुरू होते ही एमपी द्विवेदी रोड किनारे से वाहन गायब हो गए। कार्रवाई से हड़कंप मच गया। ट्रैफिक के इस अभियान के बाद कई दुकानदार डीएसपी से मिले। उन्होंने सड़क किनारे वाहन लगाने देने को कहा। पुलिस ने उनकी बात नहीं मानी।
ट्रैफिक डीएसपी रत्न किशोर झा ने कहा कि उन्होंने ट्रैफिक इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार शर्मा और दारोगा रविंद्र कुमार को कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्हें कहा गया है कि वे सड़क किनारे जाम का कारण बनने वाले वाहनों पर कार्रवाई करे। डीएसपी ने कहा कि एक-एक कर अलग अलग हिस्सों में यह अभियान चलाया जाएगा। मंगलवार से ही यह अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को भी कई वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।