विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ा, 2 दिन बाइक से फेरी सेवा बंद; सिर्फ पैदल यात्री कर सकेंगे सफर

Published: Fri, 02 Oct 2026 08:47 PM (IST)

गंगा के बढ़ते जलस्तर और नवगछिया की ओर एप्रोच रोड पर कटाव के कारण भागलपुर में दो दिनों के लिए बाइक फेरी सेवा बंद कर दी गई है।

दो दिन बाइक फेरी सेवा बंद। (जागरण)

दो दिन बाइक फेरी सेवा बंद। (जागरण)

HighLights

  1. गंगा के बढ़ते जलस्तर से नवगछिया एप्रोच रोड पर कटाव।

  2. दो दिनों के लिए बाइक फेरी सेवा बंद, पैदल यात्रियों हेतु जारी।

  3. सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने लिया निर्णय, स्थिति पर निगरानी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। गंगा के बढ़ते जलस्तर और नवगछिया की ओर एप्रोच रोड पर शुरू हुए कटाव ने फेरी सेवा से बाइक लेकर आने-जाने वालों की मुश्किल बढ़ा दी है।

स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बियाडा घाट, बाबूपुर घाट/डीपीएस घाट और जाह्नवी चौक, नवगछिया से संचालित फेरी सेवा में बाइक का आवागमन दो दिनों के लिए बंद कर दिया है। इस दौरान पैदल यात्रियों के लिए फेरी सेवा पूर्ववत जारी रहेगी।

प्रशासन के अनुसार, पिछले तीन दिनों से गंगा के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है। इसके कारण नवगछिया की तरफ एप्रोच रोड पर कटाव शुरू हो गया है।

बाइक के आवागमन में कठिनाई को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। फ्लड कंट्रोल और जल संसाधन विभाग की टीम कटाव रोकने और स्थिति नियंत्रित करने में जुटी है।

प्रशासन की टीम भी लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि दो दिनों तक तीनों घाटों पर बाइक लेकर नहीं पहुंचें और यात्रा से पहले जारी निर्देशों को ध्यान में रखते हुए आवागमन की योजना बनाएं।

बाबूपुर से जाह्नवी चौक के लिए चार अतिरिक्त फेरी

बाइक सेवा बंद होने से यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए बाबूपुर घाट/डीपीएस घाट से जानवी चौक तक अतिरिक्त छोटी फेरी चलाने का निर्णय लिया गया है।

यह सेवा विशेष रूप से पैदल यात्रियों के लिए होगी। अंतिम फेरी शाम 4:30 बजे बाबूपुर घाट से रवाना होगी। अपरिहार्य कारण से इसमें देरी या सेवा उपलब्ध नहीं होने पर यात्रियों को यथासंभव पहले सूचना देने की बात कही गई है।