रोपनी की रफ्तार बता रही अबकी होगी 'धनवर्षा', 12 दिनों में 27,928 हेक्टेयर में हुई धान की रोपनी
धान की खेती 12 दिनों में 27 हजार 928 हेक्टेयर में धान की रोपनी हो गई है। कई प्रखंडों में धान रोपनी का कार्य पूरा हो चुका है। इस बार अच्छी फसल की उम्मीद है।
भागलपुर, जेएनएन। जिस रफ्तार से जिले में धान की रोपनी हो रही है, उससे बंपर उत्पादन की उम्मीद जगी है। इसका एक कारण शुरू से ही मानसून का अपने मिजाज में होना भी है। खेत पानी से तर हैं, परिस्थितियां अनुकूल हैं, इस कारण धान रोपनी भी तेज है।
पिछले 12 दिनों में 27 हजार 928 हेक्टेयर में धान की रोपनी हो गई है। खरीक और बिहपुर में धान रोपनी का कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि गोराडीह में रोपनी कार्य अन्य प्रखंडों की तुलना में काफी धीमी गति है। यहां अब तक महज 14 फीसद ही रोपनी हो पाई है। पिछले साल से रोपनी की तुलना की जाए तो स्थिति काफी बेहतर है। गत वर्ष 18 अगस्त तक महज 36.111.6 हजार (69.46 फीसद) हेक्टेयर में ही रोपनी हो पाई थी। इसका मुख्य कारण जून से 18 अगस्त तक सामान्य से 15.75 फीसद कम बारिश होना बताया गया था। इस साल एक जून से 25 जुलाई तक सामान्य से 15 फीसद अधिक बारिश हुई है। केवल जुलाई में अब तक सामान्य से 25 फीसद अधिक बारिश हो चुकी है।
जिले में 52 हजार हेक्टेयर में धान की खेती का लक्ष्य है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार छह दिन पूर्व 10734.70 हेक्टेयर (20.64 फीसद) में ही धान रोपनी हो पाई थी। इसके बाद रोपनी कार्यों में तेजी आई और शनिवार तक 27 हजार 928 हेक्टेयर में (55 फीसद) रोपाई हो चुकी है। जल्द ही लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। दूसरी ओर 44 हजार हेक्टेयर में मक्का की खेती का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन लक्ष्य से अधिक 44232 (100.53 फीसद) खेती हुई है। दलहन के 8365 हेक्टेयर में खेती की लक्ष्य के अनुपात में अब तक 7218 हेक्टेयर (88 फीसद) खेती हो चुकी है।
धान की रोपनी में तेजी आई है। मानसून भी साथ दे रहा है। लगातार बारिश होने के कारण खेतों में पानी की कमी नहीं है। खेतों में शारीरिक दूरी बनाकर किसान रोपनी कर रहे हैं। अगस्त के प्रथम सप्ताह तक रोपनी का कार्य पूरा होने की उम्मीद है। इस साल उपज अच्छी होने की उम्मीद है। -केके झा, जिला कृषि पदाधिकारी, भागलपुर।
सरकार को भेजी गई प्रखंडवार धान रोपनी की रिपोर्ट
1. शाहकुंड - 5700 हेक्टेयर (56 फीसद)
2. सन्हौला -6105 हेक्टेयर (62 फीसद)
3. पीरपैंती -3407 हेक्टेयर (81 फीसद)
4. कहलगांव -2968 हेक्टेयर (63 फीसद)
5. सुल्तानगंज -4015 हेक्टेयर (69 फीसद)
6. जगदीशपुर -1435 हेक्टेयर (40 फीसद)
7. नाथनगर -1050 हेक्टेयर (31 फीसद)
8. गोराडीह -1020 हेक्टेयर (14 फीसद)
9. सबौर -618 हेक्टेयर (43 फीसद)
10. नवगछिया -362 हेक्टेयर (99 फीसद)
11. रंगरा -189 हेक्टेयर (62 फीसद)
- जिले में 52 हजार हेक्टेयर में धान की खेती का लक्ष्य, अबतक 55 फीसद रोपनी
- खरीक व बिहपुर में धान रोपनी कार्य पूरा, गोराडीह में धीमी है रफ्तार