किसान की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या, लॉकडाउन में पंजाब में हैं मृतक के दोनों पुत्र
Farmer killed in Saharsa by stabbing with sharp weapon सहरसा में एक किसान की अपराधियों से गला रेतकर हत्या कर दी। लॉकडाउन में पंजाब में उनके दोनों पुत्र फंसे हुए हैं।
बैजनाथपुर, जेएनएन। तीरी पंचायत स्थित वार्ड नंबर बारह चकला टोला निवासी बेचन यादव (55) की देर रात को गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनके घर से एक किलोमीटर दूर इस घटना को अंजाम दिया गया। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मकई के खेत से शव बरामद किया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
मृतक के दोनों पुत्र अनिल यादव व ओमप्रकाश यादव पंजाब में मजदूरी करते हैं। लॉकडाउन के दौरान दोनों वहीं फंसे हैं। मृतक की पुत्रवधू सुलेखा देवी व चमेली देवी ने बताया कि उनके ससुर रात्रि करीब आठ बजे खाना खाकर दरवाजे पर जाकर सो गए थे। ये दोनों भी बच्चों के साथ अपने-अपने कमरे में जाकर सो गईं। सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने इन्हें सूचना दी कि बेचन का शव खेत में पड़ा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही बैजनाथपुर ओपी प्रभारी संजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। देर शाम तक मामले में मृतक के स्वजनों ने कोई आवेदन नहीं दिया था। कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर पीडि़त स्वजनों को ढाढस बंधाया है।