यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भागलपुर में ग्यारहवीं शरीफ 27 नवंबर को, होंगे कई कार्यक्रम
गौस पाक का जन्म दिवस ग्यारहवीं शरीफ पर शुक्रवार को कई कार्यक्रम होंगे। मुरीदीन को तबर्रुकात का जियारत कराया जाएगा ...और पढ़ें

भागलपुर, जेएनएन। गौस पाक का उर्स पाक ग्यारहवीं शरीफ शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस मौके पर मुल्लाचक शरीफ स्थित खानकाह शहबाजिया में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उक्त बातें खानकाह शहबाजिया के गद्दीनशीं सैयद शाह इंतखाब आलम शहबाजी मियां ने कही।
उन्होंने कहा, गौस पाक के उर्स पाक ग्यारहवीं शरीफ के मौके पर खानकाह परिसर स्थित शाहजहांनी मस्जिद में शजराखानी होगी। खानकाह और गद्दी पर नए मुरीदीन बनाए जाएंगे। अस्र की नमाज के बाद शाम चार बजे खानकाह परिसर में इस्लाम धर्म के आखिरी नबी पैगंबर हजरत मुहम्मद सअव. और गौस पाक का मुए मुबारक (दाढ़ी के बाल), सुल्तानुल आरफीन हजरत शहबाज मुहम्मद भागलपुरी के असा मुबारक का दस्ता (छड़ी का हत्था), अमामा मुबारक (पोशाक), उनकी तस्बीह के साथ खानकाह शहबाजिया के सभी साहबे सज्जादाओं की तस्बीह और गिलाफे काबा का जियारत मुरीदीन को कराए जाएंगे। इस मौके पर बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा झारखंड, बंगाल, उत्तरप्रदेश, ओडिशा और गुजरात समेत कई राज्यों के दर्जनों मुरीदीन के भी शामिल होने की संभावना है।
शुक्रवार रात नौ बजे खानकाह परिसर स्थित हजरत शहबाज मुहम्मद भागलपुरी के मजार पर चादरपोशी की जाएगी। रात दस बजे से शाहजाहंनी मस्जिद में तकरीर और नातिया मुशायरा का आयोजन किया जाएगा। हजरत इंतखाब आलम शहबाजी मियां साहब की अध्यक्षता में आयोजित कार्यजराम में उत्तरप्रदेश के मौलाना अतहर जियायी विशेष तकरीर पेश करेंगे। कोलकाता के नातगो इश्तियाक रहबर, जुनैद अशरफ, अब्बास अशरफी के अलावा भागलपुर के हाफिज गुलजार और हाफिज तारिक नातिया कलाम पेश करेंगे। मदरसा जामिया शहबाजिया के छात्र भी नातिया कलाम पेश करेंगे। सवेरे तीन बजे खानकाह परिसर के पास में स्थित पुरानी महल के पास मिलादे गौसिया और सामूहिक दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। इस मौके पर खानकाह के नाएब सज्जादा सैयद शाह शानदार आलम शहबाजी, उनके भाई मौलाना सैयद शाह शाहकार आलम शहबाजी, मदरसा जामिया शहबाजिया के हेड मुदर्रिस मुफ़्ती फारूक आलम अशरफी मिस्बाही समेत खानकाह के सभी खानवादा मौजूद रहेंगे।
