भागलपुर में पूरे दिन बिजली ने रुलाई, उमस भरी गर्मी से बढ़ाई परेशानी
बिजली विभाग के लाख दावों के बावजूद भागलपुर में आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। विभागीय अधिकारी नियमित आपूर्ति की बात कर रहे हैं। लेकिन हर दिन चार से पांच घंटे तक बिजली कट रही है।
भागलपुर, जेएनएन। शहर में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसकी वजह से भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार को न तो बारिश हुई और न ही हवा चली। इसके बाद भी शाम पांच बजे 33 केवी लाइन में खराबी आ गई। मायागंज और जेल उपकेंद्र का ब्रेकडाउन हो गया। इसकी वजह से मायागंज, कुप्पाघाट, रिफ्यूजी कॉलोनी, जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, तिलकामांझी, तुलसीनगर कॉलोनी, आनंदगढ़ कॉलोनी, लालबाग, आदमपुर समेत इन फीडरों से जुड़े तीन दर्जन इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। तीन घंटे मशक्कत के बाद लाइनमेन ने गड़बड़ी को ठीक किया। इसके बाद रात आठ बजे फीडरों को चालू कर आपूर्ति बहाल की गई। लेकिन, सरकारी बस डिपो के पीछे सुरखीकल के पास ताड़ का फल हाइटेंशन तार पर गिरने से पोल सहित गिर गया। इसकी वजह से रात नौ बजे फिर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। देर रात तक तार जोडऩे व पोल लगाने का काम नहीं सका था। बिजली आपूर्ति की यही स्थिति सिविल सर्जन उपकेंद्र से जुड़े इलाकों की भी रही। मंगलवार की रात तीन घंटे बत्ती गुल रही। इसकी वजह से उमस भरी गर्मी में लोग रातभर जगे रहे।
साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, भागलपुर आपूर्ति क्षेत्र के अभियंता विवेक कुमार ने कहा कि भीखनपुर में बन रहे विद्युत उपकेंद्र का ट्रांसफार्मर उतारने के लिए सीएस उपकेंद्र के भीखनपुर फीडर को बंद करना पड़ा। वहीं ब्रेकडाउन के कारण मायागंज व जेल फीडर से जुड़े क्षेत्रों की आपूर्ति प्रभावित हुई।
ग्रामीण इलाकों में स्थिति और गंभीर
शहरी क्षेत्र की तुलना में ग्रामीण इलाकों में स्थिति और गंभीर है। कई इलाकों में सात से आठ घंटे तक बिजली काटी जाती है। लोगों की शिकायतों के बाद भी आपूर्ति व्यवस्था में कोई सुधार नहीं दिखता है। इससे लोग हर दिन तरह-तरह की परेशानी से दो-चार होते हैं। लेकिन विभाग को इससे कोई मतलब नहीं है।