एकलव्य प्रतियोगिता : राज्यस्तरीय Sports Competition छह फरवरी से, जानिए... TMBU ने कैसे की है तैयारी Bhagalpur News
15 विवि के करीब 21 सौ महिला-पुरुष खिलाड़ी और चार सौ खेल अधिकारी व कर्मी इसमें शामिल होंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ कुलाधिपति फागू चौहान करेंगे।
भागलपुर, जेएनएन। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय की मेजबानी में छह फरवरी से होने वाली राज्यस्तरीय एकलव्य प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी हो गई है। स्टेडियम का नजारा बदला-बदला सा दिखने लगा है। हर तरफ स्वच्छता का माहौल है। विवि स्टेडियम में एथलेटिक्स से लेकर खोखो, कबड्ड़ी एवं वॉलीबॉल के लिए अलग-अलग मैदान बनाए गए हैं। आयोजन सचिव सह विवि क्रीड़ा सचिव डॉ. एसएन झा ने कहा कि छह से नौ फरवरी तक प्रतियोगिता होगी। 15 विवि के करीब 21 सौ महिला-पुरुष खिलाड़ी और चार सौ खेल अधिकारी व कर्मी इसमें शामिल होंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ कुलाधिपति फागू चौहान करेंगे। विवि स्टेडियम में उनके लिए मंच बन कर तैयार हो गया है।
जंपिंग पीट पर खिलाड़ी लगाएंगे छलांग
इस खेल महाकुंभ में शामिल होने वाले ऊंची कूद के खिलाड़ी जपिंग पीट पर छलांग लगाएंगे। राज्य का यह पहला विवि है जिसने खिलाडिय़ों को यह सुविधा मुहैया कराई है। इसके अतिरिक्त विवि इंडोर स्टेडियम में टेबल टेनिस खेल के लिए चकाचक टीटी बोर्ड लगाया गया है।
पुलिस प्रशासन ने लिया स्टेडियम का जायजा : दोपहर सिटी एसपी सुशांत कुमार सरोज और डीएसपी राजवंश सिंह ने सुरक्षा को लेकर विवि स्टेडियम में तैयारियों का जायजा लिया।
खोखो टीम की गोल्ड मेडल पर नजर
राज्यस्तरीय एकलव्य प्रतियोगिता में मेजबान टीएमबीयू की खोखो टीम की नजर इस बार गोल्ड मेडल पर है। इसके लिए पूरी टीम कप्तान मोनिका के साथ हर दिन मैदान पर पसीना बहा रही है। मोनिका ने बताया कि हमारी टीम विगत वर्ष एकलव्य प्रतियोगिता की उपविजेता रही है। मगध विवि की टीम विजेता रही थी।
इस बार की टीम में छह पुराने खिलाडिय़ों का चयन किया गया है। पिछले साल दिसंबर में बिहार स्टेट सीनियर खोखो चैंपियन में भागलपुर की टीम ने बक्सर को हराया था। इंटर विवि ईस्ट जोन में भी टीम के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। खिलाड़ी सुरभि, समीक्षा, अर्पिता, मनीषा, संदेशा सहित पूरी टीम के खिलाडिय़ों का हौसले बुलंद हैं। इस बार इन लोगों की निगाहें गोल्ड पर टिकी है।