'विवाद हुआ है जल्दी आओ'... फोन के बाद मिला दुर्गेश का शव! भागलपुर में मची चीख-पुकार, 3 संदिग्ध हिरासत में
Bhagalpur Durgesh Kumar Murder: भागलपुर के अकबरनगर में लापता युवक दुर्गेश कुमार का शव पानी से बरामद हुआ, जिससे इलाके ...और पढ़ें

Bhagalpur Durgesh Kumar Murder: दुर्गेश की मौत के बाद शोक में डूबे स्वजन।
HighLights
अकबरनगर में लापता दुर्गेश कुमार का शव पानी में मिला।
मां ने हत्या का आरोप लगाया, तीन युवक हिरासत में।
पुलिस ने FSL टीम बुलाई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
संवाद सूत्र, अकबरनगर (भागलपुर)। Bhagalpur Durgesh Kumar Murder: अकबरनगर थाना क्षेत्र के किशनपुर पंचायत अंतर्गत गौरीपुर गांव के वार्ड संख्या 11 निवासी दुर्गेश कुमार (पिता मनोज राय) का शव गुरुवार को भावनाथपुर बगीचा के समीप पुल के पास पानी से बरामद किया गया। युवक बुधवार से लापता था।
पानी में शव उपलाने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर जांच पड़ताल शुरू की।
घर से बुलाकर ले गए थे तीन युवक, मां ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक की मां पुष्पा देवी ने आरोप लगाया कि मंगलवार की देर शाम पंचायत के ही तीन युवक दुर्गेश को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। देर रात तक जब दुर्गेश वापस घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उन युवकों से उसके संबंध में पूछताछ की। उस समय युवकों ने टालमटोल करते हुए कहा कि वह थोड़ी देर में आ जाएगा। इसके बाद गुरुवार को उसका शव मिलने पर मां ने बेटे की सुनियोजित हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
रात में भाई के पास आया था फोन
मृतक के भाई सन्नी कुमार ने बताया कि दुर्गेश के लापता होने वाली रात उसके मोबाइल पर एक युवक का फोन आया था। फोन करने वाले ने कहा कि उसके भाई का किसी के साथ विवाद हो गया है, जल्दी पहुंचो। परिजनों का कहना है कि दुर्गेश बेहद शांत स्वभाव का था और उसका गांव या बाहर किसी से कोई विवाद नहीं था। ऐसे में फोन कॉल और शव मिलने की कड़ियों ने हत्या के शक को और गहरा कर दिया है।
FSL टीम को बुलाया गया, तीन संदिग्ध हिरासत में
थानाध्यक्ष रामाशीष कुमार ने बताया कि युवक के लापता होने की सूचना के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। गुरुवार को पुल के पास पानी से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे सघन पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
बेटे का शव देख बेसुध हुई मां, गांव में पसरा मातम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।