घने कोहरे के कारण गंगा नदी में रात भर फंसा रहा स्टीमर, सभी यात्री सुरक्षित
कोहरे के कारण साहिबगंज से मनिहारी आ रही फेरी सेवा की एलसीटी गंगा नदी में रास्ता भटक गई, लेकिन स्टीमर पर सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
कटिहार [जेएनएन]। बिहार के कटिहार जिले के साहिबगंज से मनिहारी आ रही फेरी सेवा की एलसीटी (स्टीमर) घने कोहरे के कारण गंगा नदी में भटक गई, नाव पर सवार सभी यात्री स्टीमर में फंसे रहे,लेकिन अहले सुबह सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक नाव पर करीब पांच दर्जन लोग सवार थे और घने कोहरे के कारण रास्ता नहीं पता चलने की वजह से स्टीमर रास्ता भटक गया था और इसकी सूचना मिलते ही अफरातफरी मच गई थी। लापता होने की सूचना के बाद बचाव दल नाव लेकर मनिहारी से रवाना हुए और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। स्टीमर दियारा क्षेत्र में सुरक्षित था।
जानकारी के अनुसार, साहिबगंज के खुटहरी घाट से मनिहारी घाट के लिए चली फेरी सेवा की एलसीटी घने कोहरे के कारण गंगा नदी में अपना मार्ग भटक गई। एलसीटी के चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए एलसीटी को मनिहारी से पहले लाल बथानी दियारा के किनारे सुरक्षित लगा दिया।
सूचना मिलते ही मनिहारी अनुमंडल प्रशासन द्वारा पुलिस व बचाव दल को मौके के लिए रवाना कर दिया गया। एलसीटी पर सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
छह दर्जन यात्रियों को लेकर एलसीटी दोपहर बाद करीब चार बजे मनिहारी के लिए रवाना हुई थी। मनिहारी घाट पहुंचने के पूर्व घना कोहरा छा जाने के कारण एलसीटी अपना मार्ग भटक गया। हालांकि चालक के सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया।