क्वारंटाइन सेंटर में हुए खर्च की होगी जांच
जिले के क्वारंटाइन सेंटरों में हुए खर्च की जांच होगी। डीएम प्रणव कुमार ने तीनों अनुमंडल में चार-चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है।
भागलपुर। जिले के क्वारंटाइन सेंटरों में हुए खर्च की जांच होगी। डीएम प्रणव कुमार ने तीनों अनुमंडल में चार-चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। भागलपुर अनुमंडल की जांच अनुमंडल पदाधिकारी सदर, वरीय कोषागार पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता सदर एवं अपर अनुमंडल पदाधिकारी सदर करेंगे।
कहलगांव अनुमंडल में अनुमंडल पदाधिकारी कहलगांव, जिला लेखा पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता कहलगांव व अपर अनुमंडल पदाधिकारी कहलगांव जांच करेंगे। वहीं, नवगछिया अनुमंडल में अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया, कोषागार पदाधिकारी नवगछिया, भूमि सुधार उप समाहर्ता नवगछिया व अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी नवगछिया मामले की जांच करेंगे।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रवासी मजदूरों के लिए सभी अंचलों व प्रखंडों में क्वारंटाइन सेंटर का संचालन किया गया था। क्वारंटाइन सेंटर के नोडल पदाधिकारी अंचलाधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा प्रवासी मजदूरों के रहने, खाने सहित अन्य व्यवस्थाओं पर राशि खर्च की गई थी। सभी प्रखंडों व अंचलों से खर्च की गई राशि के भुगतान के लिए आपदा प्रबंधन शाखा मांग की गई है। जितनी राशि की मांग की गई है, वह अधिक लग रही है। इसको देखते हुए डीएम ने जांच कमेटी का गठन किया है।
जिले में मई में 419 क्वारंटाइन सेंटर चिन्हित किए गए थे। यहां 27 हजार 423 लोगों के रहने की व्यवस्था थी। 293 से अधिक क्वारंटाइन सेंटर का उपयोग किया गया। दस मार्च से 11 जून के बीच 55 हजार 490 प्रवासी आए थे। इनके रहने, खाने आदि की व्यवस्था प्रखंड स्तर पर की गई थी।