वरीय कांग्रेसियों को पार्टी में दी जाएगी तरजीह
जिला कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष परवेज जमाल ने कहा कि पार्टी में उपेक्षित वरीय कांग्रेसियों को तरजीह दी जाएगी।
भागलपुर। जिला कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष परवेज जमाल ने कहा कि पार्टी में उपेक्षित वरीय कांग्रेसियों को तरजीह दी जाएगी। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में उनके अनुभव का भी लाभ लिया जाएगा। बुधवार को अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्षों का कांग्रेसियों ने स्वागत किया।
परवेज जमाल ने कहा कि भागलपुर जिला कांग्रेसियों का गढ़ रहा है। उन्होंने पार्टी में गुटबाजी से इंकार किया। इस अवसर पर विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि नए पार्टी अध्यक्ष जनता के बीच रहने वाले हैं। चुनाव में इसका लाभ मिलेगा। अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी बधाई दी। कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अभय आनंद और विपिन बिहारी यादव ने कहा कि पार्टी को जन सरोकार से जोड़कर जनहित के मुद्दों को उठाएंगे। कोरोना महामारी रोकने में सरकार विफल हुई है। इसके विरोध में भी संघर्ष किया जाएगा। स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया जा सका है। इस मौके पर कोमल सृष्टि, सुरेश मोहन झा, संजय कुमार सिन्हा, सोईन अंसारी सहित कांग्रेसियों ने स्वागत किया।
पूर्व अध्यक्ष ने कहा, मुझसे नहीं ली गई राय
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सैयद शाह अली सज्जाद आलम ने कहा कि 28 की रात को सूचना मिली की उन्हें अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। पांच वर्षो के कार्यकाल में मुझपर कोई आरोप नहीं लगे, लेकिन जिला अध्यक्ष बनाने को लेकर मुझसे और प्रखंड अध्यक्षों से राय नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि भागलपुर संसदीय क्षेत्र के हर विधानसभा में अल्पसंख्यकों का ध्यान रखते हुए उन्हें नेतृत्व करने का मौका दें, नहीं तो पार्टी को इसका नुकसान उठाना होगा।