नगर परिषद की राजनीति गरमाई, सभापति-उपसभापति को सीधे चुनेंगे मतदाता
नगर परिषद चुनाव में नगर सभापति और उपसभापति पद के लिए सीधे चुनाव होने की नोटिफिकेशन जारी होने के बाद चर्चाओं का बाजार गरम है।
जागरण संवाददाता, खगड़िया: नगर परिषद चुनाव में नगर सभापति और उपसभापति पद के लिए सीधे चुनाव होने की नोटिफिकेशन जारी होने के बाद चर्चाओं का बाजार गरम है। संभावित कई उम्मीदवार अभी से जलसे आयोजित करने लगे हैं। रणनीतियां तय होने लगी है। मालूम हो कि नगर परिषद के क्षेत्र विस्तार के बाद जिले में चार नगर पंचायत और दो नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव होना है। नगर परिषद के सूत्रों ने बताया कि जिले में कुल 16 पंचायतों को शहरी क्षेत्रों में शामिल किया गया है। जिनका वार्ड में परिसीमन करना अभी बाकी है। एक सप्ताह के अंदर इन क्षेत्रों का परिसीमन शुरू हो जाएगा। जिसके लिए जल्द ही टीम गठित की जाएगी। नगर परिषद क्षेत्र में दो हजार से तीन हजार की आबादी एक वार्ड की होगी। बीते 13 दिसंबर को नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा खगड़िया नगर परिषद बोर्ड को भंग करने के बाद नगर परिषद को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। मालूम हो कि खगड़िया नगर परिषद में मथुरापुर, सन्हौली, कोठिया, संसारपुर और रांको पंचायत को जोड़ा गया है। वहीं गोगरी में विस्तारीकरण के बाद चार पंचायत उत्तरी जमालपुर, दक्षिणी जमालपुर, मुश्किपुर और राटन पंचायत को जोड़ा गया है। गोगरी नगर पंचायत को अब नगर परिषद का दर्जा मिल गया है। जबकि परबत्ता में तीन पंचायत परबत्ता, गोविदपुर और रामपुर रहीमपुर मिलाकर एक नगर पंचायत, बेलदौर प्रखंड में मात्र एक बेलदौर पंचायत को नगर पंचायत, मानसी प्रखंड में दो पंचायत चकहुसैनी और खुटिया को नगर पंचायत और अलौली प्रखंड में अलौली पंचायत को नगर पंचायत में शामिल किया गया है। इन चार नगर पंचायतों के अध्यक्ष का सीधे चुनाव होना है।
विस्तार के बाद 40 से 41 वार्ड होंगे नगर परिषद खगड़िया में
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में पहले कुल 26 वार्ड थे। जिनकी कुल आबादी 2011 की जनगणना के अनुसार 49 हजार 406 थी। जो नगर परिषद के विस्तारीकरण के बाद पांच पंचायत के जुड़ने से एक लाख 19 हजार 841 हो गई है। नगर परिषद सूत्रों की माने तो विस्तारीकरण के बाद नई परिसीमन के मुताबिक अब 40 से 41 वार्ड नगर परिषद खगड़िया में बनेंगे। वहीं नगर परिषद गोगरी की पहले आबादी करीब 37,000 थी। जो अब विस्तारीकरण के बाद चार पंचायतों के जुड़ने से 96 हजार के करीब पहुंच चुकी हैं। गोगरी नगर पंचायत में कुल 20 वार्ड थे। जो अब विस्तारीकरण के बाद 35 से 36 वार्ड यहां बनाए जा सकते हैं। नगर परिषद चुनाव में लगेंगे तीन इवीएम
पहले नगर परिषद चुनाव के लिए वार्ड पार्षद का चुनाव कराया जाता था। जिसके लिए एक इवीएम में ही चुनाव संपन्न हो जाता था। लेकिन नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी नोटिफिकेशन के बाद अब नगर निकाय के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव जनता करेगी। जिसको लेकर अब नगर परिषद के चुनाव में तीन इवीएम मशीन लगाए जाएंगे। जिसमे में दो अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के होंगे और तीसरा वार्ड पार्षद का इवीएम लगाया जाएगा। कोट
अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर सीधे चुनाव के लिए विभाग द्वारा नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। लेकिन नगर परिषद को पत्र अभी नहीं मिला है।
राजीव कुमार झा, सिटी मैनेजर, नगर परिषद, खगड़िया।