बोले डिप्टी सीएम : बाढ़ पीड़ितों और किसानों को दी जा रही सहायता, विक्रमशिला समानांतर सेतु का होगा टेंडर Bhagalpur News
सुशील मोदी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने भागलपुर के विकास के लिए कई योजनाओं की स्वीकृति दी है और कार्य प्रारंभ किया है। मोदी ने दावा किया कि नाथनगर से जदयू प्रत्याशी की जीत होगी।
भागलपुर [जेएनएन]। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि राज्य सरकार बाढ़ और सुखाड़ मद में 24 सौ करोड़ रुपए खर्च कर रही है। बाढ़ पीड़ितों को जहां 6000 रुपए दिए जा रहे हैं, वहीं सूखा प्रभावित क्षेत्र में प्रति परिवार 3000 रुपये की सहायता दी जा रही है। मोदी ने कहा कि भागलपुर में विक्रमशिला के समानांतर सेतु के लिए 1726 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना का शीघ्र टेंडर होगा और काम जल्द शुरू किया जाएगा।
बुधवार को मोदी भागलपुर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 15 साल तक राज करने वाले राजद नेताओं को भागलपुर और बिहार के लिए विकास का काम क्या किया गया इसका जवाब देना चाहिए। वर्तमान सरकार ने भागलपुर के विकास के लिए कई योजनाओं की स्वीकृति दी है और कार्य प्रारंभ किया है। मोदी ने दावा किया कि नाथनगर से जदयू प्रत्याशी की जीत होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में हो रहे उपचुनाव में सभी सीटों पर एनडीए की जीत होगी। इस अवसर पर भागलपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय उपस्थित थे।
मोदी के नाम पर वोट मांगेगे एनडीए कार्यकर्ता
इससे हपले सूबे के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि उपचुनाव में कार्यकर्ता पीएम मोदी के नाम पर एनडीए प्रत्याशी की जीत के लिए मतदाताओं से वोट मांगेगे। वे सबौर में एनडीए कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। कहा, कि बिहार सरकार बढिय़ा काम कर रही है। अब किसान अन्नदाता नहीं ऊर्जादाता भी बनेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने राजद शासन के 15 वर्षों को देखा है। राजद के नेता कहते हैं कि पिताजी मेरे आईकॉन हैं। राजद के नेता फिर उसी दौर को लाने की बात लोगों से कह रहे हैं। नाथनगर विधान सभा क्षेत्र में हजारों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कहा, सरकार बाढ़ प्रभावितों के खाते में छह हजार रुपये की सहायता कर रही है। अब सोलर से पंप से सिंचाई होगी। उससे जो बिजली बचेगी वह सरकार किसान से खरीद लेगी। अब किसान अन्नदाता ही नहीं ऊर्जादाता भी होंगे। कहा कि भागलपुर में 17 सौ करोड़ की राशि से विक्रमशिला सेतु के सामानांतर फोरलेन पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
बैठक को राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल सहित एनडीए के कई नेताओं ने संबोधित कर प्रत्याशी को जिताने की अपील की। मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष रोहित पांडे, अर्जित शाश्वत, डॉ प्रीति शेखर, पंचम श्रीवास्तव, अतिपिछड़ा प्रकोष्ट के महानगर अध्यक्ष जयप्रकाश मंडल, पटना से आये शिवशंकर निषाद, राजेश कुमार निषाद, जदयू जिलाध्यक्ष विजय सिंह, एमएलसी डॉ. एनके यादव, टुनटुन साह, विजय कुमार कुशवाहा, अमन पासवान, ब्रजेश सिंह, उमाशंकर, जिला परिषद अध्यक्ष अनंत कुमार उर्फ टुनटुन साह, कुमार प्रणय सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी भागलपुर से बुधवार दोपहर बाद भागलपुर से प्रस्थान किए।