हबीबपुर के करोड़ी बाजार के समीप अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप
भागलपुर शहर में एक युवक की हत्या कर दी गई है। हबीबपुर में शव बरामद किया गया है। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। लाश मिलने से शहर में हड़कंप है।
भागलपुर, जेएनएन। हबीबपुर इलाके के करोड़ी बाजार के समीप मैदान में मंगलवार को अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर हबीबपुर थानेदार शंभू पासवान पहुंचे। शव की पहचान नहीं हो सकी है। जिस जगह शव मिला है, आसपास के इलाकों में शराब तस्करों का राज है। कई बार भारी संख्या में पुलिस बल ने छापेमारी कर करोड़ी बाजार से शराब की बड़ी खेप बरामद वनष्ट की है। इस इलाके में देसी शराब भी भारी पैमाने पर बनाई जाती है। पुलिस ने जरूरी प्रक्रियाओं के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसमें ही जानकारी मिलेगी की मौत का कारण क्या है।
सोशल साइट पर पहचान के लिए डाली गई है फोटो
अज्ञात शव की पहचान के लिए हबीबपुर पुलिस ने सभी साइबर सेनानी ग्रुप व अन्य सोशल साइट पर फोटो जारी किया है। ताकि अज्ञात शव के बारे में जानकारी मिल सके। पोस्टमार्टम भेजे जाने के बाद तक कहीं से भी जानकारी नहीं मिली थी। युवक ने ब्लू कलर का ट्राउजर और सफेद चेक दार टी शर्ट पहनी है। उसकी उम्र 28 से 32 साल के बीच पुलिस द्वारा बताई गई है। पुलिस आशंका जता रही है कि आसपास के इलाके का ही युवक है। इसके लिए पुलिस टीम को उसकी फोटो लेकर भेजा गया है।
कहीं भी चोट के नहीं है निशान
हबीबपुर थानेदार शंभू पासवान ने बताया कि युवक के शरीर पर ऊपर से कहीं भी चोट के निशान नहीं दिखाई दे रहे हैं। पोस्टमार्टम भेजे जाने से पहले शव का पुलिस द्वारा निरीक्षण किया गया कहीं भी गोली, चाकू के निशान नहीं दिखाई दिए हैं। थानेदार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही इस बारे में जानकारी मिल पाएगी। पुलिस ने युवक का ट्राउजर खंगाला। लेकिन किसी तरह का पहचान पत्र या मोबाइल नहीं मिला है। आसपास के झाड़ियों में भी पहचान का निशान नहीं है।